Ambikapur News : पशुधन विकास विभाग में पदस्थ एक परिचारक को लेकर वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग अंबिकापुर में पदस्थ एक परिचारक को 25 अगस्त 2025 को उप संचालक द्वारा उनके मूल पदस्थापना स्थल शासकीय सूकर पालन प्रक्षेत्र सकालो के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया था। इसके बावजूद उन्होंने सकालो स्थित कार्यालय में आज तक उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है। आरोप है कि मूल पदस्थापना स्थल पर कार्य नहीं करने के बावजूद उनका वेतन वहां से आहरित नहीं किया जा रहा, जबकि उप संचालक कार्यालय अंबिकापुर से पिछले 10 माह से लगातार वेतन का भुगतान किया जा रहा है।

परवेज आलम ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी द्वारा नियमों के विपरीत तरीके से परिचारक की पदस्थापना में परिवर्तन कर वेतन आहरित कराया जा रहा है, जबकि पदस्थापना परिवर्तन का अधिकार शासन स्तर पर निहित है। उन्होंने इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।उन्होंने कहा है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह शासकीय धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला होगा। उन्होंने कलेक्टर से मामले की जांच कर तथ्य सार्वजनिक करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।










