Ambikapur News : अंबिकापुर शहर के रसूलपुर इलाके में 16 सितंबर को हुए चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी मोईन मिया (65) झारखंड के पलामू जिले का रहने वाला है और वर्तमान में सरना पारा परसा क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसके खिलाफ अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
किराए का मकान देखने के बहाने घर पहुंचे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:15 बजे रसूलपुर में सादिया शारीन सिद्दीकी के घर तीन अज्ञात व्यक्ति किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे थे। तीनों ने घर में मौजूद सादिया के पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान किराए पर लेने के संबंध में बातचीत शुरू की। इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से एकजुट होकर वसीरुद्दीन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल वसीरुद्दीन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पारिवारिक विवाद और तलाक के मामले से जुड़ी रंजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की बेटी सादिया शारीन सिद्दीकी का अपने पति मो. नाजिम शबा के साथ कोर्ट में तलाक का मामला चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, सादिया ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि उसके पति ने पूर्व में तलाक का केस वापस नहीं लेने पर उसे और उसके मायके के परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
इसी आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। प्रारंभ में प्रकरण में धारा 109(1), 3(5) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान इसमें धारा 103(1), 61(2) और 238 बीएनएस भी जोड़ी गई।

चार आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना कोतवाली और साइबर सेल की टीमों के साथ फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, मामले में इससे पहले मुख्य आरोपी दामाद नाजिम शबा, कंचन कुमार, नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू और अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता को गिरफ्तार किया जा चुका है। चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था।
मरणासन्न कथन और गवाहों के बयान से मिली अहम कड़ी
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान मृतक के मरणासन्न कथन और प्रार्थिया सहित अन्य गवाहों के कथनों के आधार पर मोईन मिया पिता स्व. रोजान असारी, 65 वर्ष जो कि मुख्य आरोपी दामाद नाजिम शबा का पिता है की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने मोईन मिया को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और सीमावर्ती मार्गों पर लगातार चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह सहित कोतवाली पुलिस की टीम और साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की विवेचना जारी है।

