अंबिकापुर में विजयादशमी महोत्सव 2026 भव्य शोभायात्रा और आतिशबाजी के साथ संपन्न हुआ। पीजी कॉलेज मैदान में 80 फीट के रावण और 60-60 फीट के मेघनाद-कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया।
अंबिकापुर में विजयादशमी महोत्सव 2026 भव्य शोभायात्रा और आतिशबाजी के साथ संपन्न हुआ। पीजी कॉलेज मैदान में 80 फीट के रावण और 60-60 फीट के मेघनाद-कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया।

Ambikapur News : असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देते हुए अंबिकापुर में विजयादशमी महोत्सव 2026 भव्य शोभायात्रा, आकर्षक आतिशबाजी और विशालकाय रावण दहन के साथ संपन्न हुआ। भगवान श्रीराम के जयघोष से गूंजती सड़कों पर श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। भजन आश्रम राम मंदिर से निकली श्रीराम दरबार की शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह स्वागत किया गया। वहीं, पीजी कॉलेज मैदान में 80 फीट ऊंचे रावण और 60-60 फीट के मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन देखने हजारों की संख्या में लोग जुटे।

सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में शहरवासियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भागीदारी निभाई। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता से सराबोर आयोजन ने विजयादशमी के उल्लास को यादगार बना दिया।

विजयादशमी महोत्सव के तहत भगवान श्रीराम दरबार की भव्य शोभायात्रा भजन आश्रम राम मंदिर से प्रारंभ हुई। गाजे-बाजे और शैला नृत्य के साथ निकली शोभायात्रा सदर रोड, महामाया चौक, संगम चौक, होटल पिक्चर, गांधी चौक और अंबेडकर चौक से होते हुए पीजी कॉलेज मैदान पहुंची।
शोभायात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नगरवासियों और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम दरबार का स्वागत एवं अभिनंदन किया। जगह-जगह उमड़ी भीड़ और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय नजर आया।
पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान लेजर लाइट और ऑडियो के माध्यम से रामायण का संक्षिप्त एवं सजीव चित्रण प्रस्तुत किया गया। आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद भक्तिमय संगीत संध्या और शानदार आतिशबाजी ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।

महोत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में 60-60 फीट ऊंचे मेघनाद और कुंभकर्ण तथा 80 फीट के विशालकाय रावण के पुतलों का दहन किया गया। इस ऐतिहासिक दृश्य को देखने के लिए मैदान में हजारों लोग एकत्र हुए। रावण दहन के साथ ही पूरा मैदान तालियों, जयघोष और उत्साह से गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। सरगुजा की पावन धरा पर आयोजित यह भव्य महोत्सव क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रमाण है।
सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की शाश्वत विजय का प्रतीक है। समिति नगरवासियों के सहयोग से धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए आगे भी ऐसे आयोजन करती रहेगी। समिति के उपाध्यक्ष अखिलेश सोनी ने आयोजन की सफलता में नगरवासियों और प्रशासन के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में एकजुटता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
कलेक्टर ने कहा कि इतने बड़े आयोजन का शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न होना प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम है। उन्होंने नगरवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।आईजी ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि रावण दहन का संदेश केवल बुराई पर विजय तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सौहार्द और सद्भाव स्थापित करने का संकल्प भी है।
एसपी ने कहा कि पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था और नागरिकों के अनुशासन से महोत्सव सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों की सराहना की। इस तरह भव्य शोभायात्रा, रामायण की आकर्षक प्रस्तुति, आतिशबाजी और विशालकाय पुतलों के दहन के साथ अंबिकापुर का विजयादशमी महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक सद्भाव का संदेश देकर संपन्न हुआ।

© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
