Ambikapur News : ग्रामीण अंचल में क्रिकेट का जुनून अब बड़े टूर्नामेंट की तर्ज पर मैदान में नजर आ रहा है। खिलाड़ियों की नीलामी, टीम मालिकों की बोली और ऑनलाइन लाइव स्कोरिंग जैसी व्यवस्थाओं के साथ ग्राम पंचायत परसा में परसा सुपर लीग (PSL) सीजन 2.0 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 25 गांवों के 196 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। 4 नवम्बर से शुरू हुआ यह क्रिकेट टूर्नामेंट 20 नवम्बर तक शहीद वीर नारायण खेल मैदान, परसा में चलेगा।
14 टीमों के बीच क्रिकेट का रोमांच, 196 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (आरआरवीयूएनएल) एवं युवा क्रिकेट क्लब, ग्राम पंचायत परसा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 14 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का शुभारंभ 4 नवम्बर को किया गया। उद्घाटन मैच के दौरान करीब 500 खेल प्रेमी और ग्रामीण मैदान में मौजूद रहे। बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

पहले सीजन में 8 टीमें, अब बढ़कर हुईं 14
परसा सुपर लीग की शुरुआत वर्ष 2025 में हुई थी। पहले सीजन में 8 टीमों ने हिस्सा लिया था, जबकि दूसरे सीजन में टीमों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। इस बार 25 गांवों के 196 खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल हैं। टीमों और खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या ग्रामीण क्षेत्र में क्रिकेट के प्रति युवाओं के बढ़ते आकर्षण को दर्शाती है।

ऑक्शन से हुआ खिलाड़ियों का चयन, IPL जैसा अनुभव
इस टूर्नामेंट की खासियत इसका आईपीएल मॉडल पर आधारित आयोजन है। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों का चयन ऑक्शन प्रक्रिया के जरिए किया गया। इसमें 14 टीम मालिकों ने अपनी-अपनी टीमों के लिए खिलाड़ियों की बोली लगाई और टीमों का गठन किया। इस प्रक्रिया से स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट की तरह खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
14 टीमें मैदान में, CricHeroes पर देख सकते हैं लाइव स्कोर
प्रतियोगिता में गोंडवाना स्ट्राइक फोर्स, ब्लैक डायमंड, सरपंच 11, चैंपियन 11, नायक वॉरियर्स, प्रेम नगर वॉरियर्स, प्रियांश 11 जोधपुर, माफिया 11 बिनकरा, विकेट वॉरियर्स, ब्लैक पैंथर्स, जीवी स्टार 11, योगी 11 और बुल चैंप्स सहित कुल 14 टीमें हिस्सा ले रही हैं। मैचों की लाइव स्कोरिंग CricHeroes प्लेटफॉर्म के माध्यम से की जा रही है। इससे खेल प्रेमी और खिलाड़ी ऑनलाइन भी मैचों का स्कोर और प्रतियोगिता की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में क्लस्टर हेड, एचआर हेड, आरआरवीयूएनएल के माणिकचंद्र बाला एवं पवन ओझा, पीईकेबी माइंस मैनेजर, ग्राम पंचायत परसा के सरपंच तुलसी मनोहर उईके, उपसरपंच उमाशंकर यादव तथा पूर्व उपसरपंच गणेश यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के युवा खिलाड़ी, खेल प्रेमी ग्रामीण और एआरपीएल के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
विजेता टीम को मिलेगी ट्रॉफी, खिलाड़ियों के लिए भी व्यक्तिगत पुरस्कार
आयोजकों की ओर से प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों को जर्सी, अंपायरिंग, ट्रॉफी सहित अन्य आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। टूर्नामेंट के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट बॉलर जैसे व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
20 नवम्बर तक चलेगा टूर्नामेंट, खेल प्रेमियों से पहुंचने की अपील
परसा सुपर लीग के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के साथ अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिल रहा है। आयोजकों ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों और ग्रामीणों से अपील की है कि वे 20 नवम्बर तक शहीद वीर नारायण खेल मैदान, परसा पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग दें।

