Ambikapur News : अंबिकापुर शहर में मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के कारोबार का मामला सामने आया है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सुभाषनगर स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर में कार्रवाई करते हुए संचालक राजेश समद्दार को गिरफ्तार किया है। टीम ने मेडिकल स्टोर के पीछे बने एक कमरे से करीब दो लाख रुपये कीमत की 207 नग प्रतिबंधित कफ सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर आबकारी टीम ने की कार्रवाई
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम को 23 नवंबर 2026 को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंबिकापुर के सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-2 स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर का संचालक राजेश समद्दार भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप और टैबलेट बेच रहा है।

सूचना की पुष्टि के लिए टीम ने पहले मेडिकल स्टोर से दवाइयों की खरीदी कराई। इसकी पुष्टि होने के बाद आबकारी विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर में छापेमारी की।

दुकान के पीछे कमरे से मिली नशीली दवाइयों की खेप
कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक राजेश समद्दार दुकान में मौजूद मिला। हालांकि, दुकान के भीतर तलाशी लेने पर टीम को कोई संदिग्ध मादक पदार्थ नहीं मिला। इसके बाद दुकान के पीछे स्थित एक कमरे की जांच की गई, जहां से संचालक ने प्रतिबंधित दवाइयां बरामद कराईं। आबकारी टीम ने मौके से 132 नग MAGNATUSS-T COUGH SYRUP, 75 नग APCORES COUGH SYRUP और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट जब्त की गई। बरामद दवाइयों की कुल बाजार कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई गई है।
उत्तर प्रदेश से माल लाने की बात कबूली
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से प्रतिबंधित दवाइयां लेकर आता था। आबकारी विभाग अब इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगा है। अधिकारियों का कहना है कि दवाइयों की आपूर्ति से जुड़े आगे के लिंक की पतासाजी की जा रही है।

NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तारी, न्यायिक रिमांड पर जेल
आबकारी विभाग ने मेडिकल स्टोर संचालक राजेश समद्दार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर 23 नवंबर को ही न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया गया।
आबकारी विभाग की नशे के कारोबारियों को चेतावनी
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के कारोबार में शामिल लोगों से इस अवैध धंधे से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत ऐसे मामलों में कठोर सजा का प्रावधान है। नशीली दवाइयों का कारोबार कर युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में धकेलना समाज और परिवार दोनों के लिए गंभीर नुकसानदायक है।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, अनिल गुप्ता, आबकारी आरक्षक दीपक पांडेय, आशीष कुंज और नगर सैनिक गणेश पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

