Ambikapur News : सरगुजा जिले के उदयपुर वनपरिक्षेत्र में पिछले कई दिनों से वन विभाग के लिए चुनौती बना उत्पाती कबरा कान हाथी अब 17 हाथियों के बड़े दल के साथ रामगढ़ पहाड़ी पहुंच गया है। हाथियों का यह दल ऐतिहासिक रामगढ़ पहाड़ी पर पार्वती गुफा के समीप जंगल में विचरण कर रहा है। कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग की टीम लगातार प्रयास कर रही है। रेस्क्यू अभियान तीसरे दिन भी जारी है।
रातभर कई गांवों और जंगलों से गुजरा हाथियों का दल
मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों का दल रात में कुशवामुड़ा जंगल से निकलकर सुखरीभंडार, आमा डुग्गू और बेलढाब होते हुए सुबह बोंगरू पहुंचा। यहां से वापस लौटने के बाद हाथियों का दल रामगढ़ क्षेत्र में पहुंचा और बड़ा तुर्रा के नीचे स्थित जंगल में विचरण करता रहा। फिलहाल हाथियों की मौजूदगी पार्वती गुफा के समीप बताई जा रही है।

दो टीमें पैदल कर रहीं हाथियों की निगरानी
हाथियों की लगातार निगरानी के लिए वन विभाग की पैदल ट्रैकर की दो टीमें उनके पीछे तैनात हैं। ये टीमें हाथियों की गतिविधियों और उनकी लोकेशन पर नजर रख रही हैं, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें। वहीं, कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज करने वाली विशेषज्ञ टीम भी स्थानीय लोगों की मदद से उसकी सटीक लोकेशन का पता लगाने और आगे की कार्रवाई के लिए रवाना हुई है।

तीसरे दिन भी जारी है कबरा हाथी का रेस्क्यू अभियान
कबरा कान हाथी को सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू करना वन विभाग के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है। हाथी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है और 17 हाथियों के दल के साथ विचरण कर रहा है। ऐसे में रेस्क्यू टीम को बेहद सावधानी के साथ आगे बढ़ना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि यह कबरा कान हाथी अब तक 19 लोगों की जान ले चुका है। यही वजह है कि वन विभाग इस अभियान को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से की सतर्क रहने की अपील
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों और आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि हाथियों के नजदीक जाने, उन्हें घेरने या फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश न करें। ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है। ग्रामीण वन विभाग के निर्देशों का पालन करें और हाथियों की लोकेशन मिलने पर खुद उनके पास जाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

फिलहाल वन विभाग की टीमें हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। कबरा हाथी को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने के लिए अभियान जारी है।

