Anganwadi recruitment scam : बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थानाक्षेत्र में आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। फर्जी अंकसूची लगाकर चयनित हुई चार सहायिकाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कलेक्टर बलरामपुर द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर थाना शंकरगढ़ में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।

थाना शंकरगढ़ पुलिस के मुताबिक, अपराध क्रमांक-115/2025 धारा-318(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अरमाना पति शमशेर आलम 29 वर्ष, निवासी जार्गिम, रिजवाना पति अमरुद्दीन 33 वर्ष निवासी महुआडीह, प्रियंका यादव पति आशीष यादव 27 वर्ष निवासी कोठली, सुशीला सिंह पति उमाशंकर सिंह 26 वर्ष, निवासी बेलकोना सभी थाना शंकरगढ़ क्षेत्र की रहने वाली हैं।

मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रभारी परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना कुसमी ने शिकायत दर्ज कराई। जांच समिति ने पाया कि आरोपियों ने आठवीं कक्षा की फर्जी अंकसूची तैयार कर भर्ती प्रक्रिया में चयन पा लिया था। इस धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में चारों आरोपियों के अलावा सहयोगी व्यक्तियों की भी भूमिका की जांच की जा रही है। विवेचना के बाद और गिरफ्तारियां संभव हैं। यह मामला पूरे जिले में चर्चाओं का विषय बन गया है और आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।










