Anirudh Ravichander Wedding : मनोरंजन और क्रिकेट जगत से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मशहूर संगीतकार और सिंगर अनिरुद्ध रविचंदर ने सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालिक काव्या मारन के साथ शादी कर ली है। दोनों ने बुधवार, 11 नवंबर 2026 को ग्रीस में एक निजी डेस्टिनेशन वेडिंग समारोह में सात फेरे लिए। इस शादी को बेहद निजी रखा गया था, जिसमें परिवार के सदस्यों और कुछ चुनिंदा मेहमानों ने शिरकत की। शादी के बाद दोनों की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसके बाद प्रशंसकों और फिल्मी सितारों की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है।
आइवरी आउटफिट में बेहद खूबसूरत दिखे नवविवाहित जोड़े
अनिरुद्ध और काव्या की शादी की पहली तस्वीर में दोनों बेहद खूबसूरत अंदाज में नजर आ रहे हैं। नवविवाहित जोड़े ने आइवरी रंग के पारंपरिक परिधान पहने हैं। तस्वीर में दोनों एक-दूसरे का हाथ थामकर मुस्कुराते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, शादी के वेन्यू को सफेद फूलों से सजाया गया था, जिसने समारोह की खूबसूरती को और बढ़ा दिया। दोनों ने अपने डिजाइनर आउटफिट के साथ लुक को काफी सिंपल रखा। उनकी इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।

अनिरुद्ध ने खास अंदाज में शेयर की शादी की तस्वीर
अनिरुद्ध रविचंदर ने इंस्टाग्राम पर अपनी पत्नी काव्या मारन के साथ शादी की पहली तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘मेरी जिंदगी का एक खास पल, जो हमेशा के लिए है… 11.11’। पोस्ट के साथ उन्होंने हार्ट इमोजी भी लगाई। इसके अलावा सन पिक्चर्स ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दोनों की तस्वीर शेयर कर शादी की बधाई दी। कंपनी ने अपने संदेश में काव्या और अनिरुद्ध को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।

सगाई समारोह में रजनीकांत और स्टालिन समेत पहुंचे खास मेहमान
ग्रीस में शादी के जश्न की शुरुआत 10 नवंबर को पारंपरिक सगाई समारोह के साथ हुई थी। इस कार्यक्रम में दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार और खास मेहमान शामिल हुए। समारोह में अनिरुद्ध के चाचा और सुपरस्टार रजनीकांत, ऐश्वर्या रजनीकांत, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन की मौजूदगी भी चर्चा में रही।
21 नवंबर को चेन्नई में होगा भव्य वेडिंग रिसेप्शन
ग्रीस में शादी के बाद अब अनिरुद्ध और काव्या चेन्नई में एक शानदार रिसेप्शन आयोजित करने वाले हैं। इसकी तारीख 21 नवंबर 2026 बताई गई है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय की सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी रिसेप्शन की तारीख सामने आई है। इससे पहले काव्या के माता-पिता कलानिधि मारन और कावेरी मारन ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात कर उन्हें समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। माना जा रहा है कि इस रिसेप्शन में फिल्म, राजनीति, कारोबार और क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां पहुंच सकती हैं।

2024 से शुरू हुई थीं रिश्ते की चर्चाएं
अनिरुद्ध और काव्या ने अपने रिश्ते को लंबे समय तक निजी रखा। दोनों के अफेयर की चर्चाएं 2024 में तेज हुई थीं, जब उन्हें विदेश में एक साथ देखा गया था। लास वेगास में हुई मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर अटकलें लगने लगी थीं। हालांकि, दोनों ने सार्वजनिक रूप से इन खबरों की पुष्टि नहीं की थी। जून 2025 में अनिरुद्ध ने X पर शादी की शुरुआती चर्चाओं को भी खारिज किया था। अब ग्रीस में शादी करके दोनों ने अपने रिश्ते को नया नाम दे दिया है।
कौन हैं अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन?
अनिरुद्ध रविचंदर भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय संगीतकार और सिंगर हैं। उन्हें ‘व्हाई दिस कोलावेरी डी’ गाने से देशभर में पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने ‘जेलर’, ‘विक्रम’, ‘लियो’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों में शानदार संगीत देकर अपनी अलग पहचान बनाई। दूसरी ओर, काव्या मारन सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी और सन टीवी नेटवर्क की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं। साथ ही वह आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालिक भी हैं।


