Asia Cup 2023: दुबई में 14 सितंबर को होने वाले एशिया कप 2023 के भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मुकाबले को लेकर राजनीतिक स्तर पर विवाद गहराता जा रहा है। इस मैच के खिलाफ शिवसेना (यूबीटी) ने आंदोलन करने की घोषणा की है, जिसका खुलकर समर्थन समाजवादी पार्टी (सपा) ने किया है। महाराष्ट्र में सपा के अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी ने कहा कि पाकिस्तान से आतंकी हमले होते हैं, ऐसे में मैच का होना उचित नहीं।

अबू आजमी का तर्क: पाकिस्तान से आतंकी आते हैं
न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में अबू आजमी ने कहा, “पहलगाम में बड़ा आतंकी हमला हुआ, कई लोग मारे गए। इसके बाद सरकार ने पाकिस्तान से निपटने का दावा किया था और देश की 140 करोड़ जनता सरकार के साथ खड़ी थी। वहीं, तुर्की और चीन जैसे देशों ने पाकिस्तान का समर्थन किया। ऐसी दोगली नीति समझ में नहीं आती। पाकिस्तान के साथ मैच खेलना संदिग्ध है। पाकिस्तानी से आतंकी आते हैं, ऐसे में मैच कैसे हो सकता है? मैं संजय राउत के इस स्टैंड का समर्थन करता हूं।”

शिवसेना (यूबीटी) का ‘सिंदूर रक्षा अभियान’
इससे पहले, शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने भारत-पाक मैच के खिलाफ ‘सिंदूर रक्षा अभियान’ चलाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा, “पहलगाम में महिलाओं का सिंदूर उजाड़ा गया, उनकी पीड़ा आज भी बरकरार है। ऐसे में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना देशद्रोह है। यह बेहद निरलज्जता है।”
संजय राउत का बीजेपी, आरएसएस और बजरंग दल को कटाक्ष
संजय राउत ने बीजेपी, आरएसएस और बजरंग दल से सवाल किया कि क्या उनकी इसमें कोई भूमिका है। उन्होंने कहा, “सरकार कहेगी कुछ भी, पर पहले कहा गया था कि पाकिस्तान के साथ कोई रिश्ता नहीं रखा जाएगा। कहा गया था कि पानी और खून साथ नहीं बहेंगे, तो फिर खून और क्रिकेट कैसे चल सकता है?” उन्होंने अपने आंदोलन के तहत हजारों महिलाओं को नरेंद्र मोदी को सिंदूर भेजने का भी आह्वान किया।
विवाद के बीच क्रिकेट और राजनीति
भारत-पाकिस्तान के बीच मैच पर यह सियासी विवाद दर्शाता है कि खेल और राजनीति कब और कैसे टकरा जाते हैं। देश के कुछ राजनीतिक दलों का मानना है कि पाकिस्तान के साथ मैच खेलना देश की भावनाओं के खिलाफ है, खासकर जब सीमा पर सुरक्षा खतरे और आतंकी हमलों के आरोप लगते रहे हों। वहीं, क्रिकेट प्रेमी इस मुकाबले को खेल की एक महत्वपूर्ण कड़ी मानते हैं।
14 सितंबर को दुबई में होने वाले इस मैच को लेकर राजनीतिक घमासान जारी है। शिवसेना (यूबीटी) का आंदोलन और समाजवादी पार्टी का समर्थन इसे और गर्माता दिख रहा है। इस विवाद ने साफ कर दिया है कि भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच सिर्फ खेल नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक भावनाओं का एक संवेदनशील मुद्दा बन चुका है।
Read More : Asia Cup 2025: शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने भारत-पाकिस्तान मैच का किया कड़ा विरोध










