Asia Cup 2025 : एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर से होने जा रहा है, जिसमें कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों में एक नाम है हॉन्गकॉन्ग, जो पूल बी में श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश जैसी बड़ी टीमों से भिड़ेगी। लेकिन इस बार हॉन्गकॉन्ग की टीम में एक ऐसा गेंदबाज शामिल है, जिस पर सबकी निगाहें टिकी होंगी आयुष शुक्ला।

रोहित शर्मा का विकेट और ड्रेसिंग रूम का वो खास लम्हा
भारतीय मूल के आयुष शुक्ला ने साल 2022 के एशिया कप में भारत के खिलाफ खेलते हुए रोहित शर्मा का अहम विकेट चटकाया था। हालांकि आयुष को उस मैच से ज्यादा याद टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में बिताया गया पल है। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि रोहित शर्मा ने उनका हौसला बढ़ाया और कहा, “हमेशा खुद पर भरोसा रखो, तुम टैलेंटेड हो तभी यहां हो।”

टी20 में रचा इतिहास चार ओवर मेडन!
आयुष शुक्ला ने टी20 इंटरनेशनल में वो कारनामा कर दिखाया है, जो अब तक दुनिया में सिर्फ कुछ गिने-चुने गेंदबाज ही कर पाए हैं। टी20 वर्ल्ड कप एशिया क्वालिफायर में मंगोलिया के खिलाफ उन्होंने अपने चारों ओवर मेडन डाले और एक विकेट भी झटका। 24 गेंदों में एक भी रन न देना इस फॉर्मेट में लगभग असंभव सा लगता है, लेकिन आयुष ने इसे हकीकत में बदल दिया।
पिता के सपने को दे रहे उड़ान
आयुष ने क्रिकेट.कॉम को दिए इंटरव्यू में बताया कि वे क्रिकेट अपने पिता के लिए खेल रहे हैं। उनके पिता 1996 में भारत से हॉन्गकॉन्ग शिफ्ट हुए थे और वहां अपना बिजनेस सेट किया। आयुष खुद 15 साल की उम्र में ब्रिटेन चले गए थे और वहीं से उन्होंने क्रिकेट को गंभीरता से लेना शुरू किया। उनका मानना है कि क्रिकेट के जरिए वे अपने पिता का सपना पूरा कर रहे हैं।
एशिया कप 2025 में होंगी बड़ी उम्मीदें
अब जब एशिया कप 2025 का मंच तैयार है, हॉन्गकॉन्ग को एक बार फिर अपने इस युवा गेंदबाज से बड़ी उम्मीदें हैं। आयुष न सिर्फ तेज और सटीक गेंदबाजी करते हैं, बल्कि बड़े खिलाड़ियों को आउट करने का माद्दा भी रखते हैं। टीम मैनेजमेंट और फैंस को भरोसा है कि वे इस बार भी कुछ खास कर दिखाएंगे।
आयुष शुक्ला जैसे युवा खिलाड़ी इस बात का उदाहरण हैं कि क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि जुनून और सपनों की उड़ान है। रोहित शर्मा जैसे दिग्गज का विकेट लेना, चार मेडन ओवर फेंकना और अब एशिया कप 2025 में अपनी टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाना ये सब आयुष की मेहनत और समर्पण का नतीजा है।
Read More : Darya-e-Noor Diamond: 117 साल बाद खुलेगी रहस्यमयी तिजोरी, क्या बांग्लादेश में छिपा है ‘दरिया-ए-नूर’ हीरा?










