Avengers Doomsday Meaning : मार्वल स्टूडियोज की आगामी फिल्म Avengers: Doomsday को लेकर दुनियाभर में फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म के ट्रेलर और इससे जुड़ी जानकारियों के बाद सोशल मीडिया पर एक सवाल तेजी से चर्चा में है कि आखिर Doomsday का हिंदी में मतलब क्या होता है? कई लोग इसे सिर्फ एक फिल्म का नाम समझ रहे हैं, लेकिन इसके पीछे छिपा अर्थ काफी गंभीर और दिलचस्प है। इस शब्द का मतलब समझने से फिल्म के टाइटल और संभावित कहानी को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है। खास बात यह है कि इसका संबंध फिल्म के मुख्य विलेन डॉक्टर डूम से भी जुड़ता है।
Doomsday का हिंदी में क्या होता है मतलब?
अंग्रेजी भाषा में Doomsday शब्द के मुख्य अर्थ अंतिम फैसले का दिन और महाविनाश का समय होते हैं। हिंदी में इसका सबसे सटीक अर्थ कयामत का दिन, प्रलय का दिन या अंतिम न्याय का दिन माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं में इसे उस दिन से जोड़कर देखा जाता है, जब दुनिया का अंत होगा और सभी के कर्मों का हिसाब किया जाएगा। सामान्य बोलचाल में भी इस शब्द का इस्तेमाल किसी ऐसी भयानक घटना के लिए किया जाता है, जो बड़े विनाश या तबाही का संकेत देती है। यही वजह है कि Doomsday नाम सुनते ही किसी बड़े संकट और दुनिया के अंत की तस्वीर सामने आती है।

कहां से आया Doomsday शब्द?
Doomsday शब्द की उत्पत्ति पुरानी अंग्रेजी के शब्द ‘dōmes dæg’ से मानी जाती है। इसका अर्थ होता था फैसले का दिन। पुराने ईसाई धार्मिक संदर्भों में यह मान्यता थी कि दुनिया के अंतिम दिन ईश्वर सभी लोगों के अच्छे और बुरे कर्मों का न्याय करेंगे। इसी विचार से Doomsday शब्द प्रचलित हुआ। समय के साथ इसके अर्थ का विस्तार होता गया और इसका इस्तेमाल बड़े विनाश, तबाही तथा दुनिया के अस्तित्व पर मंडराने वाले खतरे के लिए होने लगा। आज Doomsday Clock, Doomsday Machine और Doomsday Prediction जैसे शब्दों में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है।

Marvel ने Avengers: Doomsday नाम क्यों चुना?
इस फिल्म के नाम के पीछे सबसे दिलचस्प वजह इसका मुख्य विलेन डॉक्टर डूम है। उसका पूरा नाम विक्टर वॉन डूम (Victor von Doom) है। अंग्रेजी में Doom का अर्थ विनाश, बर्बादी और तबाही होता है। ऐसे में Doomsday का एक अर्थ डॉक्टर डूम के विनाशकारी दिन से भी जोड़ा जा सकता है। मार्वल ने पहले इस फिल्म का नाम Avengers: The Kang Dynasty रखा था, लेकिन बाद में इसे बदलकर Avengers: Doomsday कर दिया गया। साल 2024 में सैन डिएगो कॉमिक-कॉन के दौरान रॉबर्ट डाउनी जूनियर की डॉक्टर डूम के रूप में एंट्री ने फैंस को चौंका दिया था।
DC का Doomsday और Marvel का Doomsday अलग-अलग
कई दर्शक DC कॉमिक्स के विलेन Doomsday और Marvel की फिल्म के नाम को लेकर भ्रमित हो जाते हैं। DC का Doomsday एक अलग काल्पनिक किरदार है, जिसने सुपरमैन को हराने और मारने के लिए प्रसिद्धि हासिल की। वहीं, Marvel की Avengers: Doomsday में Doomsday फिल्म के टाइटल और विनाशकारी घटना के संदर्भ से जुड़ा है। दोनों का आपस में कोई सीधा संबंध नहीं है।

फिल्म में Avengers, Fantastic Four और X-Men आएंगे साथ?
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, फिल्म की कहानी में मल्टीवर्स से जुड़ा बड़ा संकट देखने को मिल सकता है। अलग-अलग यूनिवर्स के टकराने का खतरा पैदा होगा और Avengers, Fantastic Four तथा X-Men के हीरो एक साथ नजर आ सकते हैं। फिल्म में रॉबर्ट डाउनी जूनियर टोनी स्टार्क नहीं, बल्कि विक्टर वॉन डूम की भूमिका निभाएंगे।
भारत में कब रिलीज होगी Avengers: Doomsday?
फिल्म की निर्धारित रिलीज तारीख 17 दिसंबर 2026 है। भारत में यह फिल्म इसी दिन रिलीज होने वाली है, जबकि अमेरिका में इसकी रिलीज 18 दिसंबर 2026 को निर्धारित है। इसके बाद Avengers: Secret Wars 17 दिसंबर 2027 को रिलीज होगी। यह फिल्म मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स के फेज 6 का समापन करेगी।

