Binance Hacking : दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज Binance पर संभावित साइबर हमले की खबर ने पूरी क्रिप्टो इंडस्ट्री में चिंता बढ़ा दी है। शुरुआती जांच में इस सुरक्षा घटना का अनुमानित आर्थिक प्रभाव 6.3 अरब डॉलर यानी करीब 60 हजार करोड़ रुपये बताया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म पर क्रिप्टोकरेंसी जमा करने और निकालने की सुविधाएं अस्थायी रूप से रोक दी हैं। इस खबर का असर वैश्विक क्रिप्टो बाजार पर भी पड़ा है। Bitcoin, Ethereum और Binance के अपने टोकन BNB में गिरावट दर्ज की गई है।

इंजीनियर के लैपटॉप से हुई साइबर हमले की शुरुआत?
Binance की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि कंपनी के एक DevOps इंजीनियर का लैपटॉप साइबर अपराधियों के निशाने पर आया था। माना जा रहा है कि हमलावरों ने इसी माध्यम से कंपनी के सर्विस कंटेनर तक अनधिकृत पहुंच हासिल की और संदिग्ध विड्रॉल ट्रांजैक्शन सबमिट किए। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अभी तक किसी क्रिप्टो वॉलेट की प्राइवेट की लीक होने का प्रमाण नहीं मिला है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट जारी की जाएगी।

6.3 अरब डॉलर का अनुमानित असर, 3 अरब डॉलर की संपत्ति फ्रीज
Binance ने 30 अक्टूबर को जारी अपने आधिकारिक अपडेट में इस सुरक्षा घटना का अनुमानित कुल प्रभाव 6.3 अरब डॉलर बताया। कंपनी के मुताबिक, इसमें से लगभग 3 अरब डॉलर की डिजिटल संपत्तियों को ब्लॉकचेन पर फ्रीज किया जा चुका है। इससे पहले फ्रीज की गई संपत्तियों का आंकड़ा 2.54 अरब डॉलर बताया गया था। बाद में यह बढ़कर करीब 3 अरब डॉलर हो गया। इस कार्रवाई में Tether और Circle जैसी बड़ी स्टेबलकॉइन कंपनियों ने भी सहयोग किया।
Tether और Circle ने फ्रीज की अरबों डॉलर की संपत्ति
Tether के CEO Paolo Ardoino के अनुसार, उनकी कंपनी ने इस घटना से जुड़ी लगभग 1.57 अरब डॉलर की डिजिटल करेंसी फ्रीज की है। वहीं, Circle ने 80 करोड़ डॉलर से अधिक की संपत्ति को ब्लॉक किया है। इन कार्रवाइयों का उद्देश्य संदिग्ध डिजिटल ट्रांजैक्शन को रोकना और संभावित नुकसान को सीमित करना है।
Bitcoin छह हफ्ते के निचले स्तर पर, Ethereum और BNB भी गिरे
Binance पर संभावित साइबर हमले की खबर सामने आने के बाद निवेशकों में चिंता बढ़ी और क्रिप्टो बाजार में बिकवाली तेज हो गई। शुक्रवार को शुरुआती एशियाई कारोबार में Bitcoin लगभग 2 प्रतिशत गिरकर 77,646 डॉलर पर पहुंच गया। यह करीब छह सप्ताह का निचला स्तर बताया गया। Ethereum भी लगभग 2 प्रतिशत टूटकर 2,238.76 डॉलर पर कारोबार करता दिखाई दिया।

वहीं, Binance का टोकन BNB पिछले 24 घंटों में 8 प्रतिशत से अधिक गिरकर लगभग 694 डॉलर पर पहुंच गया। अमेरिकी कारोबार के बाद क्रिप्टो एक्सचेंज Coinbase के शेयरों में भी करीब 4.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
Binance का दावा, यूजर्स की रकम पूरी तरह सुरक्षित
कंपनी ने अपने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि यूजर्स की संपत्तियां सुरक्षित हैं और इस घटना से होने वाले किसी भी नुकसान की भरपाई Binance खुद करेगा। इसके लिए कंपनी अपने Secure Asset Fund for Users यानी SAFU और दूसरे कॉरपोरेट फंड का इस्तेमाल करेगी। SAFU एक आपातकालीन रिजर्व फंड है, जिसे ग्राहकों की डिजिटल संपत्तियों की सुरक्षा के उद्देश्य से बनाया गया है।
संदिग्ध ट्रांजैक्शन की जांच, सेवाएं दोबारा होंगी शुरू
Binance ने प्रभावित एड्रेस की ऑथराइजेशन रद्द कर दी है। कंपनी कानून प्रवर्तन एजेंसियों और ब्लॉकचेन इंटेलिजेंस कंपनियों के साथ मिलकर संदिग्ध लेनदेन का पता लगाने और संपत्तियां रिकवर करने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद डिपॉजिट और विड्रॉल सेवाएं फिर शुरू की जाएंगी। कंपनी ने अपडेटेड प्रूफ ऑफ रिजर्व (PoR) जारी करने की भी बात कही है।
एलन मस्क ने AI और साइबर सुरक्षा के खतरे पर जताई चिंता
इस घटना को लेकर एलन मस्क की AI संबंधी टिप्पणियां भी चर्चा में हैं। मस्क लगातार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से विकास और संभावित AI सिंगुलैरिटी को लेकर चेतावनी देते रहे हैं। उनके अनुसार, भविष्य में AI सिस्टम इतने सक्षम हो सकते हैं कि वे डिजिटल और भौतिक दुनिया में स्वतंत्र रूप से काम करने लगें। हालांकि, Binance की इस घटना के पीछे AI की भूमिका होने की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

