Ambikapur News : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला मुख्यालय में शिक्षा जगत से जुड़ी एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अंबिकापुर स्थित होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भारत का एक विवादित नक्शा पोस्ट किए जाने का मामला गरमा गया है। इस नक्शे में अक्साई चीन और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) को भारत का हिस्सा नहीं दिखाया गया। शिकायत के बाद आखिरकार गांधीनगर थाना पुलिस को गुरुवार देर रात एफआईआर दर्ज करनी पड़ी है। मामले की लिखित शिकायत भाजपा नेता व समाजसेवी कैलाश मिश्रा ने की थी।

जानकारी अनुसार, यह नक्शा कॉलेज के फेसबुक पेज पर 19 जनवरी 2024 को “स्पोर्ट्स डे” से संबंधित एक पोस्ट में प्रकाशित किया गया था, जो लगभग 1 वर्ष 7 माह तक सार्वजनिक रूप से पेज पर मौजूद रहा। 1 सितंबर 2025 को कॉलेज के फेसबुक पेज पर एक नया पोस्ट आते ही पुराने पोस्ट पर लोगों की नज़र पड़ी और मामला सामने आया।

फेसबुक पर अपलोड किया गया पेज 👇
https://www.facebook.com/share/v/166xKevnf5/
इस संबंध में गोधनपुर निवासी भाजपा नेता व समाजसेवी कैलाश मिश्रा ने गांधीनगर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में कहा गया है कि यह कार्य राष्ट्र की अखंडता पर सीधा प्रहार है और इससे जनभावनाओं को गहरी ठेस पहुँची है। मिश्रा ने आरोप लगाया कि यह घटना सुनियोजित और राष्ट्रविरोधी मानसिकता का प्रतीक है।
उन्होंने अपनी शिकायत में मांग की है कि कॉलेज की प्राचार्या सिस्टर शांता जोसेफ के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 124A (देशद्रोह), 153A (साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की जाए। साथ ही, मामले की उच्चस्तरीय जांच कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो। शिकायतकर्ता ने इसके समर्थन में फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट और वीडियो साक्ष्य के तौर पर पुलिस को उपलब्ध कराया था।
कैलाश मिश्रा की लिखित शिकायत के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने कल देर रात मामले में होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज की प्राचार्य सिस्टर शांता जोसेफ एवम उनके फेसबुक पेज के संचालन के विरुद्ध धारा 505 (1) (बी)-आईपीसी के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।










