Bihar Elections 2025: बिहार चुनाव 2025 की सरगर्मियां तेज हो गई हैं और इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक बड़ा और क्रांतिकारी ऐलान किया है। पटना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान तेजस्वी ने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी, तो हर उस परिवार को जहां कोई सरकारी नौकरी नहीं है, एक सरकारी नौकरी दी जाएगी।

20 दिन में कानून बनाकर देंगे नौकरी
तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार बनने के बीस दिनों के भीतर एक अधिनियम लाया जाएगा, जिसके माध्यम से हर जरूरतमंद परिवार को सरकारी नौकरी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह घोषणा महज एक जुमला नहीं है, बल्कि इसके पीछे वैज्ञानिक योजना और पुख्ता आंकड़े मौजूद हैं। “हमारे पास हर चीज का डाटा है, और हम इसे वैज्ञानिक तरीके से लागू करेंगे,” – तेजस्वी यादव

“नवजागरण का समय है, बदलाव तय है”
तेजस्वी ने कहा कि बिहार में अब नवजागरण का समय आ गया है। युवाओं को केवल बेरोजगारी भत्ता देने की बात करने वाली सरकार अब अपने कार्यकाल का हिसाब दे। उन्होंने कहा कि “बिहार को अब परफेक्ट और करेक्ट सरकार चाहिए, जो युवाओं को सिर्फ वादे नहीं, रोजगार दे।”
17 महीने में दिए 5 लाख रोजगार
तेजस्वी यादव ने अपनी पिछली सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि सिर्फ 17 महीनों के शासन में उन्होंने 5 लाख सरकारी नौकरियां दीं। उन्होंने कहा कि “हमने जो कहा, वो किया और अब जो कह रहे हैं, वो जरूर करेंगे।”तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार उनके वादों की नकल कर रही है लेकिन काम के धरातल पर नाकाम है। उन्होंने कहा, “हम सामाजिक न्याय के साथ आर्थिक न्याय भी देंगे।”
“बीस साल में एनडीए ने दी असुरक्षा, हम देंगे नौकरी”
राजद नेता ने एनडीए सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि बीते 20 सालों में बिहार को केवल असुरक्षा, बेरोजगारी और पलायन मिला। अब समय है कि बिहार के हर घर में एक स्थायी रोजगार का भरोसा पहुंचे।
तेजस्वी को जनता के आशीर्वाद की उम्मीद
तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि बिहार की जनता बदलाव के लिए तैयार है और उन्हें आशीर्वाद जरूर देगी। उन्होंने कहा, “हम किसी भी तरह की जुमलेबाजी में नहीं, बल्कि आधार और नीति आधारित राजनीति में विश्वास रखते हैं।”
बिहार चुनाव 2025 में तेजस्वी यादव ने हर घर सरकारी नौकरी का वादा कर बड़ा दांव खेला है। यह घोषणा राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ सकती है और युवाओं के बीच राजद के समर्थन को और मजबूत कर सकती है। अब देखना यह होगा कि जनता इस घोषणा को कितना भरोसा देती है और क्या विपक्ष इसका कोई ठोस जवाब ला पाता है।
Read More: India Pakistan Tension: दशहरे पर भारत की सख्त चेतावनी से पाकिस्तान में खलबली, अलर्ट मोड में पाक सेना











