CBSE Class 12 Supplementary Exam 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 12 की सप्लीमेंट्री परीक्षाओं का विस्तृत शेड्यूल आधिकारिक रूप से जारी कर दिया है। बोर्ड द्वारा घोषित नवीनतम जानकारी के अनुसार, यह महत्वपूर्ण परीक्षा मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। इस घोषणा के साथ ही बोर्ड ने परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक छात्रों और संबंधित स्कूलों के लिए आवेदन प्रक्रिया, शुल्क संरचना और पात्रता संबंधी नियमों को स्पष्ट कर दिया है, ताकि छात्र बिना किसी देरी के अपनी तैयारी शुरू कर सकें।

एलओसी (LOC) जमा करने की समय-सीमा
बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक सर्कुलर के अनुसार, स्कूलों को ‘परीक्षा संगम’ पोर्टल के माध्यम से योग्य छात्रों की सूची (LOC) अपलोड करनी होगी। यह प्रक्रिया 30 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और इसके लिए अंतिम तिथि 8 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। संबंधित स्कूलों को सलाह दी गई है कि वे 8 जुलाई की रात 11:59 बजे से पहले सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर लें। सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि एक बार समय-सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी स्थिति में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

कौन से छात्र परीक्षा देने के पात्र हैं?
सीबीएसई ने सप्लीमेंट्री परीक्षा में बैठने के लिए पात्रता की चार मुख्य श्रेणियां निर्धारित की हैं। पहली श्रेणी में वे छात्र शामिल हैं जो 2026 की मुख्य बोर्ड परीक्षा में किसी विषय में कम्पार्टमेंट प्राप्त किए हैं। दूसरी श्रेणी में वे विद्यार्थी हैं जो मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अपने अंकों में सुधार (Improvement) करना चाहते हैं। तीसरी श्रेणी उन उम्मीदवारों की है जिन्हें विषय परिवर्तन के कारण कम्पार्टमेंट मिला है। चौथी श्रेणी में वे प्राइवेट छात्र शामिल हैं जिन्हें 2025 में अनुत्तीर्ण होने के बाद तीसरा मौका दिया गया है। ऐसे प्राइवेट छात्रों को सीबीएसई पोर्टल पर स्वयं जाकर आवेदन फॉर्म भरना अनिवार्य है।
स्कूलों के लिए अनिवार्य निर्देश और जिम्मेदारी
बोर्ड ने सभी संबद्ध स्कूलों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे प्रत्येक पात्र कम्पार्टमेंट छात्र का नाम एलओसी में शामिल करना सुनिश्चित करें। बोर्ड ने साफ तौर पर कहा है कि यदि छात्र से संपर्क नहीं भी हो पा रहा है, तब भी स्कूल को उसकी पात्रता के आधार पर नाम भेजना अनिवार्य है। यदि स्कूल की लापरवाही से किसी योग्य छात्र का नाम छूट जाता है और वह परीक्षा से वंचित रह जाता है, तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की होगी।
परीक्षा शुल्क का विवरण और अन्य जानकारियां
सीबीएसई ने विभिन्न क्षेत्रों के लिए श्रेणीवार परीक्षा शुल्क निर्धारित किया है। भारत स्थित स्कूलों के लिए यह शुल्क 320 रुपये प्रति विषय है, नेपाल में स्थित स्कूलों के लिए 1100 रुपये प्रति विषय और अन्य विदेशी स्कूलों के लिए 2200 रुपये प्रति विषय तय किया गया है। प्राइवेट उम्मीदवारों को भी ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित समय के भीतर शुल्क जमा करना होगा। सप्लीमेंट्री परीक्षा का आयोजन मौजूदा 2025-26 शैक्षणिक सत्र के सिलेबस और पैटर्न के आधार पर ही किया जाएगा। एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी बोर्ड द्वारा भविष्य में जारी की जाएगी। छात्रों को सलाह है कि वे नवीनतम अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in देखते रहें।
Read More : CBSE Three Language Policy: तीसरी भाषा में बोर्ड परीक्षा नहीं होगी, बड़ा फैसला











