CDS Raja Subramani : भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने पाकिस्तान की बढ़ती अंतरिक्ष क्षमताओं को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि चीन की तकनीकी और रणनीतिक मदद से पाकिस्तान अपनी स्पेस क्षमता मजबूत कर रहा है। भारत को इस बदलती परिस्थिति को अपनी सैन्य रणनीति और सुरक्षा तैयारियों में शामिल करना होगा। सीडीएस के मुताबिक, भविष्य में अंतरिक्ष से मिलने वाली जानकारी युद्ध के परिणामों को प्रभावित कर सकती है।
चीन के अंतरिक्ष मिशन में पाकिस्तानी नागरिक की भागीदारी
सीडीएस का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब चीन ने अपने शेनझोउ-24 क्रू स्पेसशिप का सफल प्रक्षेपण किया है। इस मिशन में तीन अंतरिक्ष यात्री रवाना हुए हैं, जिनमें पाकिस्तान के मोहम्मद जीशान अली भी शामिल हैं। अली चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले पहले विदेशी नागरिक बताए जा रहे हैं। चीन और पाकिस्तान के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के दौरान इस मिशन को दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी और ‘ऑल-वेदर फ्रेंडशिप’ का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जा रहा है।

चीन की स्पेस तकनीक पाकिस्तान के लिए बन सकती है ताकत
नई दिल्ली में शुक्रवार को ‘युद्ध का भविष्य और मल्टी-डोमेन ऑपरेशन के लिए भारत की तैयारी’ विषय पर आयोजित सेमिनार में सीडीएस जनरल राजा सुब्रमणि ने पाकिस्तान की अंतरिक्ष क्षमता पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान भी मौजूद रहे।जनरल सुब्रमणि ने कहा कि पाकिस्तान की राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी SUPARCO अपनी क्षमताओं को लगातार विकसित कर रही है। चीन की मदद के अलावा पाकिस्तान को तुर्की से भी तकनीकी सहयोग मिलने की संभावना है। भारत को इन संभावित सहयोगों को ध्यान में रखकर भविष्य की रणनीति तैयार करनी होगी।

ISR और पोजिशनल नेविगेशन से बढ़ सकती है पाकिस्तान की निगरानी क्षमता
सीडीएस ने चेतावनी दी कि चीन की इंटेलिजेंस, सर्विलांस और रीकॉनिसेंस (ISR) क्षमताएं, पोजिशनल नेविगेशन और टाइमिंग से जुड़ी तकनीक पाकिस्तान के लिए भी उपलब्ध हो सकती हैं। इन सुविधाओं से पाकिस्तान सैन्य गतिविधियों की निगरानी, सटीक लोकेशन की पहचान और रणनीतिक सूचनाएं जुटाने में पहले से अधिक सक्षम हो सकता है।युद्ध के दौरान ऐसी तकनीक दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने, सैन्य ठिकानों की पहचान करने और ऑपरेशन की योजना बनाने में अहम भूमिका निभाती है। भारत के लिए यह चुनौती इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि आधुनिक युद्ध में अंतरिक्ष आधारित निगरानी का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है।
स्पेस-बेस्ड सर्विलांस-3 से भारत की क्षमता बढ़ने की उम्मीद
सीडीएस ने भरोसा जताया कि भारत इस चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि स्पेस-बेस्ड सर्विलांस-3 (SBS-3) कार्यक्रम के चालू होने से भारत की अंतरिक्ष निगरानी क्षमताओं में बड़ा सुधार हो सकता है। भारत अधिक संख्या में सैन्य और निगरानी उपग्रह तैयार करने तथा उन्हें अंतरिक्ष में स्थापित करने पर काम कर रहा है।इस प्रयास में निजी क्षेत्र और स्टार्टअप कंपनियों की भागीदारी भी बढ़ाई जा रही है, ताकि देश की तकनीकी क्षमता मजबूत हो सके और अंतरिक्ष क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल की जा सके।

भविष्य के युद्ध में अंतरिक्ष और साइबर की भूमिका अहम
जनरल राजा सुब्रमणणि ने कहा कि आधुनिक युद्ध अब केवल जमीन, समुद्र और हवा तक सीमित नहीं रह गया है। अंतरिक्ष और साइबर क्षेत्र भी युद्ध के महत्वपूर्ण मोर्चे बन चुके हैं। मल्टी-डोमेन ऑपरेशन के लिए सैन्य और अंतरिक्ष प्रणालियों का बेहतर एकीकरण, सुरक्षित संचार तथा तकनीकी समन्वय जरूरी है।उन्होंने यह भी कहा कि तकनीकी बढ़त स्थायी नहीं होती। देशों को लगातार अपनी सैन्य तकनीक, निगरानी प्रणाली और संचार क्षमताओं में सुधार करना पड़ता है। भारत को भी भविष्य के युद्धों की बदलती प्रकृति के अनुरूप अपनी तैयारियां मजबूत करनी होंगी, ताकि किसी भी संभावित चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

