CG Board Exam Time Table 2027 : छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड रायपुर ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी पत्राचार पाठ्यक्रम की द्वितीय एवं चतुर्थ अवसर परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं 14 दिसंबर से शुरू होकर 22 दिसंबर 2026 तक चलेंगी। सभी परीक्षाओं का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष अल्ताफ अहमद ने परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी दी है।
हाईस्कूल मदरसा परीक्षा 14 दिसंबर से होगी शुरू
हाईस्कूल पत्राचार पाठ्यक्रम की द्वितीय एवं चतुर्थ अवसर परीक्षा में 14 दिसंबर को सामान्य अंग्रेजी और संस्कृत, 15 दिसंबर को सामान्य हिंदी तथा 16 दिसंबर को विशिष्ट उर्दू का पेपर होगा। इसके बाद 17 दिसंबर को गणित, 19 दिसंबर को सामाजिक विज्ञान और 21 दिसंबर को विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

हायर सेकेंडरी मदरसा परीक्षा का पूरा शेड्यूल
हायर सेकेंडरी पत्राचार पाठ्यक्रम की परीक्षाएं भी 14 दिसंबर से शुरू होंगी। पहले दिन विशिष्ट उर्दू, 15 दिसंबर को राजनीति शास्त्र, 16 दिसंबर को समाजशास्त्र और 17 दिसंबर को रसायन शास्त्र, लेखाशास्त्र एवं इतिहास की परीक्षा होगी। 19 दिसंबर को व्यवसाय अध्ययन, गणित, जीव विज्ञान और भूगोल का पेपर आयोजित किया जाएगा। 21 दिसंबर को अर्थशास्त्र एवं भौतिकी तथा अंतिम दिन 22 दिसंबर को सामान्य अंग्रेजी और सामान्य हिंदी की परीक्षा होगी।

छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं-12वीं परीक्षा 2027 की तारीखें घोषित
इसी बीच छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा वर्ष 2027 का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। इसके अनुसार कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से 8 अप्रैल 2027 तक और कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च से 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित होंगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाओं का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक रहेगा।
12वीं बोर्ड परीक्षा 12 मार्च को हिंदी विषय से शुरू
कक्षा 12वीं की परीक्षा 12 मार्च को हिंदी विषय के साथ प्रारंभ होगी। 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र, लेखाशास्त्र और कृषि से जुड़े विषयों की परीक्षा होगी। 17 मार्च को संस्कृत, 19 मार्च को जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र और अन्य निर्धारित विषयों का पेपर होगा। इसके बाद 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित और 31 मार्च को अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

अप्रैल में होंगी 12वीं की शेष परीक्षाएं
3 अप्रैल को इतिहास, व्यवसाय अध्ययन और कृषि विज्ञान सहित अन्य विषयों की परीक्षा होगी। 5 अप्रैल को भूगोल और भौतिक शास्त्र, 6 अप्रैल को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तथा 7 अप्रैल को क्षेत्रीय भाषाओं की परीक्षा आयोजित होगी। 8 अप्रैल को मनोविज्ञान विषय के साथ कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा समाप्त होगी।
10वीं बोर्ड परीक्षा 13 मार्च से, 5 अप्रैल को होगा अंतिम पेपर
कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 मार्च 2027 को तृतीय भाषा के पेपर से शुरू होगी। इस दिन संस्कृत, मराठी, उर्दू, पंजाबी, सिंधी, बंगाली, गुजराती, तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और उड़िया भाषाओं की परीक्षा होगी। इसके बाद 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 20 मार्च को विज्ञान, 25 मार्च को हिंदी और 30 मार्च को गणित का पेपर आयोजित किया जाएगा।
1 अप्रैल को कक्षा 10वीं के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा होगी। इनमें रिटेलिंग, आईटी, ऑटोमोबाइल, हेल्थ केयर, एग्रीकल्चर, मीडिया एंड एंटरटेनमेंट, टेलीकम्युनिकेशन, बैंकिंग, ब्यूटी एंड वेलनेस सहित अन्य विषय शामिल हैं। वहीं, 5 अप्रैल को विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों की निर्धारित परीक्षाएं आयोजित होंगी।
शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा 2027 के प्रथम और द्वितीय वर्ष का टाइम टेबल भी घोषित किया है। प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेंगी। वहीं द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 13 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इनमें शारीरिक शिक्षा, मनोविज्ञान, शिक्षण विधियां, शरीर रचना, स्वास्थ्य शिक्षा, परीक्षण एवं मापन और खेल चोटों से संबंधित विषय शामिल हैं।
सुबह 9:15 बजे से शुरू होगी उत्तर लिखने की प्रक्रिया
बोर्ड के निर्देशानुसार विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले सुबह 9 बजे तक केंद्र में अपनी जगह ग्रहण करनी होगी। सुबह 9:05 बजे उत्तरपुस्तिकाएं और 9:10 बजे प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे। उत्तर लिखने का समय सुबह 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे पूरा टाइम टेबल
मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की तारीखों और समय में बदलाव किया जा सकता है। सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होने की स्थिति में भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी। विद्यार्थी और अभिभावक विस्तृत समय-सारिणी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर देख सकते हैं।
Read More : Mahadev Betting App Case: गिरफ्तार वकील की म्यूजिक कंपनी का कनेक्शन, जानिए ED जांच में क्या खुला

