Chandrashekhar Azad Attack : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। रविवार को समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्यू में उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को सत्ता से बाहर करने के लिए गंभीरता से प्रयास नहीं कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी के खिलाफ विपक्षी एकता बनाने के लिए सपा और कांग्रेस का उनके नए गठबंधन में स्वागत है।
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा में शामिल होने का दिया न्योता
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के साथ गठबंधन करने के बाद चंद्रशेखर आजाद ने अपने राजनीतिक इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। दोनों दलों ने मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया है। ओवैसी ने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के लिए चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है।आजाद के मुताबिक, उन्होंने पहले विपक्षी एकता की कोशिश करते हुए सभी राजनीतिक दलों से संपर्क किया था। संबंधित नेताओं को औपचारिक संदेश भी भेजे गए थे। उन्होंने सार्वजनिक मंचों से भी बीजेपी के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ने की अपील की थी। लेकिन जब दूसरे दलों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली तो अलग मोर्चा बनाने का फैसला लिया गया।

2017, 2019 और 2024 के चुनावों का किया जिक्र
सपा और कांग्रेस की रणनीति पर सवाल उठाते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि दोनों पार्टियां 2017, 2019 और 2024 के चुनावों में भी बीजेपी को हराने के लिए गंभीर नजर नहीं आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों और कमजोर वर्गों के लोगों को अत्याचार का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन विपक्ष के बड़े नेताओं को ऐसी परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ता। इसी वजह से उनमें बीजेपी के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की इच्छाशक्ति दिखाई नहीं देती।

26 नवंबर को लखनऊ रैली में आने का न्योता
चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से सपा और कांग्रेस को 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाली रैली में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। उन्होंने दोनों दलों से अपील की कि वे रैली में पहुंचकर मोर्चे की राजनीतिक ताकत देखें और फिर उत्तर प्रदेश को बचाने के लिए मिलकर लड़ने का फैसला करें।आजाद ने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए वह किसी भी तरह का राजनीतिक त्याग करने को तैयार हैं। उनका मानना है कि यदि सपा और कांग्रेस भी इस मोर्चे के साथ आ जाती हैं तो उत्तर प्रदेश में बीजेपी की हार सुनिश्चित की जा सकती है।
बसपा के घटते जनाधार पर भी चंद्रशेखर का बयान
बहुजन समाज पार्टी की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए आजाद ने दावा किया कि पार्टी के प्रति जनता का भरोसा लगातार कम हुआ है। उन्होंने कहा कि 2007 में बसपा का वोट शेयर करीब 30 प्रतिशत था, जो अब घटकर लगभग 9 प्रतिशत रह गया है। उनके मुताबिक, वोट प्रतिशत में आई गिरावट जनता के बदलते राजनीतिक रुझान को दर्शाती है।आजाद ने यह भी दावा किया कि वर्तमान में बसपा का लोकसभा, विधानसभा और राज्यसभा में कोई प्रतिनिधि नहीं है। इसके विपरीत उन्होंने अपनी पार्टी आजाद समाज पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ने का दावा किया।

बीजेपी की बी-टीम कहे जाने पर कांग्रेस को घेरा
एआईएमआईएम के साथ गठबंधन करने पर उठ रहे ‘बीजेपी की बी-टीम’ के आरोपों को चंद्रशेखर आजाद ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान हर राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने का अधिकार देते हैं। ऐसे आरोप लगाने वालों को जनता समय आने पर जवाब देगी।कांग्रेस पर पलटवार करते हुए उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव का उदाहरण दिया। आजाद के अनुसार, कांग्रेस ने उस चुनाव में सपा के खिलाफ 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और करीब 300 सीटों पर उसके प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई थी। उन्होंने सवाल किया कि उस समय कांग्रेस किसकी बी-टीम थी? अब यूपी चुनाव 2027 से पहले विपक्षी गठबंधन को लेकर आगे क्या रणनीति बनती है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।

