Chhath Puja 2026 : लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा सोमवार, 16 नवंबर 2026 को उगते सूर्य देव को उषा अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। सुबह होते ही देशभर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। व्रतियों ने नदी, तालाब और जलाशयों में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु तथा खुशहाली की कामना की। इसी के साथ कठिन निर्जला व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने चार दिनों तक चले इस महापर्व के अनुष्ठानों को विधिवत पूरा किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दीं शुभकामनाएं
छठ पूजा के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों और सभी व्रतियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा करते हुए छठी मइया से सभी के कल्याण की कामना की। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन हुआ है। प्रकृति को समर्पित इस पर्व में आस्था, दृढ़ संकल्प और साधना का अद्भुत संगम दिखाई देता है।

पीएम मोदी ने कामना की कि छठी मइया सभी व्रतियों और देशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें। उन्होंने इस पर्व की आध्यात्मिक महत्ता और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना को भी रेखांकित किया।

पटना में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने की पूजा-अर्चना
बिहार की राजधानी पटना में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी छठ पूजा के आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने सूर्य देव की उपासना कर बिहार और देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को भी आगे बढ़ा रहा है।
नितिन नबीन ने छठ पर्व को बिहार की आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि यह त्योहार अनुशासन, स्वच्छता, पवित्रता और सामाजिक एकजुटता का संदेश देता है।

चुनावी सवाल पर बोले- अब धर्म के बाद कर्म पर ध्यान
पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर बीजेपी अध्यक्ष ने धर्म और कर्म का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ईश्वर की आराधना सच्चे और निर्मल मन से करनी चाहिए। धर्म व्यक्ति को सकारात्मक सोच और आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है, जबकि कर्म से ही परिणाम प्राप्त होते हैं।
उन्होंने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान पूरा करने के बाद अब वह अपने कर्म यानी चुनावी तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ITO घाट पर दिया अर्घ्य
देश की राजधानी दिल्ली में भी छठ पूजा की रौनक देखने को मिली। यमुना नदी के किनारे बनाए गए विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालु सुबह से ही जुटने लगे थे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ महापर्व के अंतिम दिन आईटीओ (ITO) घाट पहुंचकर पूजा-अर्चना की और उगते सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने भी इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के सुख और समृद्धि की कामना की।
मनोज तिवारी ने छठ घाटों की व्यवस्थाओं पर कही बड़ी बात
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी भी सुबह यमुना किनारे छठ पूजा में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि दिल्ली में यमुना के करीब 15 किलोमीटर के क्षेत्र में छठ व्रतियों की भारी भीड़ उमड़ी। उन्होंने कहा कि राजधानी में जिस भव्यता के साथ छठ महापर्व मनाया जा रहा है, वह लोगों के लिए खास अनुभव है।
मनोज तिवारी ने दावा किया कि पहले यमुना किनारे छठ पूजा करने पर रोक लगाई गई थी, लेकिन अब बीजेपी सरकार के नेतृत्व में घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने आयोजन की भव्यता और श्रद्धालुओं की भागीदारी को लेकर भी खुशी जताई।

