Chhattisgarh Farmer Success Story : छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी को नई तकनीक और बाजार की मांग से जोड़कर किसान बेहतर आमदनी हासिल कर रहे हैं। रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल इसकी एक शानदार मिसाल हैं। कभी सब्जियों की खेती करने वाले विद्याधर ने गेंदा फूलों की व्यावसायिक खेती शुरू की और आज इससे लाखों रुपये की कमाई कर रहे हैं। उनके खेतों में दूर-दूर तक फैली गेंदा फूलों की रंग-बिरंगी क्यारियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। उद्यानिकी विभाग से मिले तकनीकी मार्गदर्शन और अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने लगभग 7 से 8 एकड़ में गेंदा फूलों का उत्पादन शुरू किया है।
छत्तीसगढ़ से ओडिशा तक होती है गेंदा फूलों की आपूर्ति
किसान विद्याधर पटेल के खेतों में तैयार गेंदा फूलों की मांग छत्तीसगढ़ के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी है। वे रायगढ़, सारंगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में फूलों की आपूर्ति करते हैं। इसके अलावा ओडिशा के सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ जैसे क्षेत्रों में भी उनके फूल नियमित रूप से भेजे जाते हैं। सीजन के दौरान प्रतिदिन लगभग 12 से 15 वाहनों के जरिए फूल अलग-अलग बाजारों तक पहुंचाए जाते हैं। इस तरह उनकी खेती ने स्थानीय बाजार से बाहर भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

एक एकड़ से पांच लाख रुपये तक की बिक्री
विद्याधर पटेल के अनुसार, गेंदा फूलों की खेती से एक एकड़ में लगभग पांच लाख रुपये तक की बिक्री हो जाती है। वहीं, प्रति एकड़ खेती पर करीब एक से डेढ़ लाख रुपये तक खर्च आता है। इस हिसाब से उनकी कुल सालाना आमदनी लगभग 35 लाख रुपये तक पहुंच जाती है। दशहरा से दीपावली के बीच गेंदा फूलों की मांग सबसे अधिक रहती है। त्योहारों के दौरान पूजा-पाठ, सजावट और धार्मिक आयोजनों में फूलों की खपत बढ़ने से किसानों को बेहतर बाजार मिलता है। विद्याधर ने इसी मांग का फायदा उठाकर अपनी खेती को लाभकारी व्यवसाय में बदल दिया है।

कृषि प्रदर्शनी में मिला था गेंदा की खेती का आइडिया
किसान ने बताया कि शुरुआत में वे पारंपरिक तरीके से सब्जियों की खेती करते थे। इस दौरान रायपुर और रायगढ़ में शासन की ओर से आयोजित कृषि प्रदर्शनियों में भी हिस्सा लेते थे। वहां वे गमलों में सब्जियां उगाने की तकनीक का प्रदर्शन करते थे। इन्हीं प्रदर्शनियों के दौरान उन्होंने गेंदा फूलों की अच्छी मांग और बिक्री को करीब से देखा। इसके बाद उन्होंने इसकी व्यावसायिक खेती करने का निर्णय लिया। शुरुआती दौर में कई मुश्किलें आईं, लेकिन अनुभव और तकनीकी जानकारी के साथ उन्होंने धीरे-धीरे खेती का रकबा बढ़ा दिया।
पॉलीबैग तकनीक से फूल खराब होने और नुकसान का खतरा हुआ कम
शुरुआत में विद्याधर के सामने सबसे बड़ी समस्या फूलों की समय पर बिक्री नहीं होने की थी। त्योहारों के बाद मांग घटने पर फूल खराब होने और लागत डूबने का खतरा बना रहता था। इस समस्या से निपटने के लिए उन्होंने उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में वैज्ञानिक तकनीक अपनाई। अब वे पॉलीबैग में पौधे तैयार करते हैं, जिससे जरूरत के अनुसार पौधों की तैयारी और उत्पादन का समय व्यवस्थित किया जा सकता है। इससे फूलों की उपलब्धता और बाजार की मांग के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद मिली है। उन्होंने खेतों में पाइपलाइन बिछाने के साथ ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई की व्यवस्था भी की है।

फूलों के साथ सब्जियों की खेती से भी बढ़ाई आमदनी
गेंदा फूलों के अलावा विद्याधर पटेल लगभग 4 से 5 एकड़ में मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। उनकी खेती में भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी प्रमुख हैं। गेंदा फूलों का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बाड़ी में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी तैयार की है। अलग-अलग फसलों के उत्पादन से उन्हें सालभर आय के अवसर मिलते हैं।
खेती से स्थानीय लोगों को मिल रहा नियमित रोजगार
विद्याधर पटेल की सफलता केवल उनकी आमदनी तक सीमित नहीं है। उनकी फूलों और सब्जियों की खेती से स्थानीय लोगों को भी नियमित रोजगार मिल रहा है। खेतों में पौधों की देखभाल, फूलों की तुड़ाई, छंटाई, पैकिंग और परिवहन जैसे कामों में लोगों को अवसर मिलता है। उनकी कहानी बताती है कि नई तकनीक, मेहनत और बाजार की मांग को समझकर खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाया जा सकता है।

