Surajpur Cyber Fraud : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में साइबर ठगी से जुड़े करोड़ों रुपये के लेनदेन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान एक बैंक खाते के माध्यम से 113 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध रकम का लेनदेन सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। जांच में पता चला कि देश के 21 राज्यों के 150 बैंक खाताधारकों ने इस खाते से जुड़े साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, संबंधित बैंक खाते में कुल 1,13,32,09,604 रुपये की ठगी की रकम का लेनदेन हुआ था।
आई फोर सी पोर्टल से मिली संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी
पुलिस को यह मामला भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के समन्वय पोर्टल ज्वाइंट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन टीम मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (JCC TMS) के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर पता चला। विभिन्न बैंकों में संचालित संदिग्ध खातों की सूची मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान एक सामूहिक बैंक खाते के जरिए बड़ी रकम के लेनदेन का पता चला। जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने मिलकर भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन के नाम से संस्था का पंजीयन कराया और उसके नाम पर बैंक खाता खुलवाया था।

21 राज्यों के 150 खाताधारकों ने दर्ज कराई थी शिकायत
पुलिस ने संबंधित बैंक खाते की केवाईसी और अन्य बैंकिंग विवरणों की जांच की। इस दौरान देश के 21 राज्यों के 150 खाताधारकों की शिकायतें सामने आईं। इन शिकायतों के आधार पर खाते में कुल 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन होना पाया गया। इसके बाद सूरजपुर थाने में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4), 318(6), 61(2)(ए) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया।

13 करोड़ की ठगी की रकम से मिला था 13 लाख रुपये कमीशन
पुलिस जांच में सामने आया कि 23 अप्रैल 2025 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के एसबीआई खाते में करीब 13 करोड़ रुपये की ठगी की रकम का लेनदेन हुआ था। इस रकम में से आरोपियों को कमीशन के रूप में कुल 13 लाख रुपये मिले थे। पुलिस के अनुसार, कमीशन की रकम को जिशान खान ने चेक और एटीएम के माध्यम से बैंक से निकाला था। जांच में रकम के बंटवारे की जानकारी भी सामने आई।
कमीशन की रकम में किसे कितना मिला?
पुलिस के मुताबिक, 13 लाख रुपये के कमीशन में से देवनारायण चक्रधारी को 8 लाख रुपये, अमन पासवान को 2 लाख रुपये और जिशान खान को 2.5 लाख रुपये मिले थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने अपने हिस्से की रकम खर्च कर दी है। इस मामले में देवनारायण चक्रधारी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और उसके खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र भी प्रस्तुत किया जा चुका है।

अमन पासवान और जिशान रजा गिरफ्तार, तीसरे आरोपी की तलाश
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर साइबर ठगी और धोखाधड़ी के इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर की टीम आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर अमन पासवान (32), निवासी पंखानजूर, जिला कांकेर और जिशान रजा (30), निवासी नावापारा, सूरजपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। थाना प्रभारी प्रहलाद यादव, एसआई सकलूराम भगत और उनकी टीम ने इस कार्रवाई में सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

