Chhattisgarh Hockey League : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इस मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा उलटफेर कर दिया। टीम ने अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर रही न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। खास बात यह रही कि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने चौथी क्वालीफायर टीम के रूप में सेमीफाइनल में प्रवेश किया था, जबकि न्यायधानी नाइट्स लीग चरण में अपराजित रही थी। इस जीत के साथ स्ट्राइकर्स ने खिताब की दौड़ में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है।

लीग की टॉपर न्यायधानी नाइट्स को सेमीफाइनल में मिली हार
लीग चरण में न्यायधानी नाइट्स का प्रदर्शन शानदार रहा था। टीम ने अपने सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की थी और अंकतालिका में पहले स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल तक पहुंची थी। लीग मुकाबले में भी न्यायधानी नाइट्स ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से हराया था। लेकिन सेमीफाइनल में कहानी पूरी तरह बदल गई। स्ट्राइकर्स के खिलाड़ियों ने आक्रामक रणनीति अपनाई और लगातार गोल दागकर मजबूत मानी जा रही नाइट्स को मुकाबले से बाहर कर दिया।

पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की ओर से शाहरुख ने शानदार फ्लिक लगाकर गेंद को पोस्ट के दाहिने कोने में पहुंचाया और टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि, न्यायधानी नाइट्स ने जल्द वापसी की। आदर्श ने शानदार फील्ड गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। पहले क्वार्टर के अंतिम क्षणों में चिराग ने मिडफील्ड से मिले पास को गोल में बदल दिया। इससे न्यायधानी नाइट्स ने 2-1 की बढ़त हासिल कर ली।
दूसरे क्वार्टर में आशीष तानी पूर्ति और अरबाज ने दिखाया दम
दूसरे क्वार्टर में मुकाबला और तेज हो गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने लगातार गोल करने के मौके बनाए। इसी दौरान आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार गोल दागा। लीग में यह उनका 13वां गोल था। इस उपलब्धि के साथ वह टूर्नामेंट के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। इसके बाद 24वें मिनट में अरबाज अली ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए अपना पहला गोल किया और मुकाबले में रोमांच बढ़ा दिया।
शाहरुख की हैट्रिक ने पलट दिया पूरा मुकाबला
तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की ओर से शाहरुख ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने न्यायधानी नाइट्स के डिफेंडरों को छकाते हुए शानदार फील्ड गोल किया और स्कोर बराबर कर दिया। इसके कुछ समय बाद शमशेर पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में सफल नहीं हो सके। हालांकि, रिबाउंड पर शाहरुख ने बेहतरीन नियंत्रण दिखाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की और टीम को निर्णायक बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

आखिरी क्वार्टर में दो गोल कर स्ट्राइकर्स ने पक्की की जीत
चौथे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने अपनी आक्रामकता बरकरार रखी। आर्यन जेस ने सर्कल के अंदर मिले शानदार पास को गोल में बदलकर टीम की बढ़त बढ़ा दी। इसके बाद ओम कुमार यादव ने निशांत तिर्की के साथ बेहतरीन तालमेल दिखाया और टीम के लिए छठा गोल दाग दिया। आखिरकार स्ट्राइकर्स ने 6-3 से मुकाबला जीतकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी पहुंचे
इस रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले को देखने कृषि मंत्री रामविचार नेताम और अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांश जायसवाल भी पहुंचे। दोनों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। शाहरुख के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। अब संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की नजरें फाइनल मुकाबले में खिताब जीतने पर रहेंगी।


