CG Road Accident
CG Road Accident: छत्तीसगढ़ के दो अलग-अलग जिलों में गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। पहली घटना गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले की है, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं को एक तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने अपनी चपेट में ले लिया। वहीं, दूसरी घटना बलरामपुर जिले की है, जहां एक बाइक के असंतुलित होकर पुलिया से गिर जाने के कारण एक युवती की जान चली गई।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में गुरुवार (9 अप्रैल) की सुबह उस वक्त मातम में बदल गई, जब पेंड्रा निवासी दो सहेलियां सुशीला वर्मा (45 वर्ष) और बेला कली पंसारी (48 वर्ष) रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। पेंड्रा-गौरेला बाइपास मार्ग पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं हवा में करीब 15 से 20 फीट ऊपर उछलीं और दूर जा गिरीं। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण दोनों की मौके पर ही सांसें थम गईं।
महिलाओं को कुचलने के बाद बेकाबू बोलेरो कैंपर सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस से जा टकराई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कैंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद गाड़ी का हेल्पर संदीप यादव केबिन के मलबे में बुरी तरह फंस गया और दर्द से कराहने लगा। इस बीच, खुद को घिरता देख ड्राइवर लल्लू और उसका एक अन्य साथी इंसानियत को ताक पर रखकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद गैस कटर और अन्य औजारों की मदद से केबिन में फंसे हेल्पर संदीप को बाहर निकाला। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृत महिलाओं के शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि यह वाहन कोरबा से कटनी (मध्य प्रदेश) की ओर जा रहा था। पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
सड़क हादसे की दूसरी दुखद खबर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनवाल थाना क्षेत्र से आई है। यहां रहने वाली 19 वर्षीय खुशबू दिन खातून अपने पति मोहम्मद सुल्तान के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुंडपान से सनवाल बैंक जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक एक पुलिया के पास पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। खुशबू के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान हो गईं। आनन-फानन में उन्हें सनवाल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
इस हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, पुलिया की ऊंचाई मुख्य सड़क से अधिक होने के कारण बाइक असंतुलित हुई थी। जिला पंचायत सदस्य साधना संतोष यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सड़क निर्माण में खामियों को हादसे का मुख्य कारण बताया। खुशबू की शादी महज दो साल पहले ही हुई थी और इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उम्र भर का गम दे दिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।
Khet Bachao Abhiyan : केंद्र सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम…
Indian Navy News : भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने 29 मई को…
DK Shivakumar CM : कर्नाटक के सियासी हलके से इस वक्त की सबसे बड़ी और…
Rain in Navatpa : नवतपा के पांचवें दिन भीषण गर्मी से जूझ रहे अंबिकापुरवासियों को…
FIFA World Cup 2026 : दुनिया के सबसे बड़े खेल महाकुंभ यानी फीफा वर्ल्ड कप…
Vaibhav Suryavanshi Return Update : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में यदि किसी युवा खिलाड़ी ने…
This website uses cookies.