Child Speech Delay : आजकल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को लेकर माता-पिता की चिंताएं बढ़ रही हैं। खासकर बच्चों में बोलने की देरी यानी स्पीच डिले की समस्या कई परिवारों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। आमतौर पर 5 साल की उम्र तक बच्चे छोटे-बड़े वाक्य बोलने, अपनी जरूरतों को शब्दों में बताने और दूसरों से सवाल-जवाब करने लगते हैं। लेकिन अगर इस उम्र तक बच्चा स्पष्ट रूप से बोल नहीं पा रहा है या अपनी बात समझाने में परेशानी महसूस करता है, तो माता-पिता को इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
बच्चों में बोलने की देरी को लेकर क्या कहते हैं डॉक्टर?
फोर्टिस अस्पताल फरीदाबाद के न्यूरोलॉजी विभाग के निदेशक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. विनीत बंगा के मुताबिक, हर बच्चे के विकास की गति अलग होती है। कुछ बच्चे जल्दी बोलना शुरू करते हैं, जबकि कुछ को थोड़ा अधिक समय लग सकता है। हालांकि, 5 साल की उम्र तक भी बच्चा शब्दों के माध्यम से अपनी बात व्यक्त नहीं कर पा रहा है, तो विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है। इसके पीछे कई विकास संबंधी और न्यूरोलॉजिकल कारण हो सकते हैं। समय पर समस्या की पहचान करना बच्चे के बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।

ऑटिज्म से लेकर सुनने की परेशानी तक हो सकते हैं कारण
डॉक्टरों के अनुसार, बच्चों में बोलने की क्षमता विकसित नहीं होने के पीछे सुनने की समस्या, ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर, मस्तिष्क के विकास में परेशानी, मानसिक विकास में देरी और कुछ न्यूरोलॉजिकल स्थितियां जिम्मेदार हो सकती हैं। कई बार बच्चा आवाजें सुन तो पाता है, लेकिन शब्दों को समझने और उनका इस्तेमाल करने में परेशानी महसूस करता है। इसलिए केवल बोलने की क्षमता देखकर समस्या का कारण तय नहीं किया जा सकता। बच्चे की पूरी विकास प्रक्रिया का मूल्यांकन करना जरूरी होता है।

बच्चे में दिखाई देते हैं ये शुरुआती लक्षण
अगर बच्चा नाम पुकारने पर प्रतिक्रिया नहीं देता या दूसरों से आंखें मिलाकर बातचीत करने से बचता है, तो माता-पिता को ध्यान देना चाहिए। कुछ बच्चे अपनी जरूरतें बताने के लिए शब्दों के बजाय इशारों का सहारा लेते हैं। वहीं, कुछ बच्चों को दूसरे बच्चों के साथ खेलने और बातचीत करने में परेशानी होती है। निर्देश समझने में कठिनाई, सीमित शब्दों का इस्तेमाल करना और पूरे वाक्य नहीं बना पाना भी स्पीच डिले के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण लगातार दिखाई देने पर विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर है।
बोलने में देरी होने पर कौन-सी जांच जरूरी है?
बच्चे के बोलने में देरी का सही कारण जानने के लिए डॉक्टर उसके व्यवहार, विकास, सुनने की क्षमता और न्यूरोलॉजिकल स्थिति की जांच कर सकते हैं। जरूरत के अनुसार सुनने की क्षमता का परीक्षण और विकास संबंधी मूल्यांकन किया जाता है। जांच के नतीजों के आधार पर उपचार और थेरेपी की योजना बनाई जाती है। कुछ बच्चों को स्पीच एवं लैंग्वेज थेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी या अन्य विशेषज्ञों की सहायता की जरूरत पड़ सकती है।

माता-पिता घर पर इन बातों का रखें ध्यान
बच्चों की भाषा और संवाद क्षमता बेहतर बनाने में माता-पिता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। बच्चे से रोजाना बातचीत करें और उसकी बातों को ध्यान से सुनें। उसे कहानियां सुनाएं, चित्रों वाली किताबें दिखाएं और खेल-खेल में नए शब्द सिखाने की कोशिश करें। इसके अलावा मोबाइल और टीवी का स्क्रीन टाइम सीमित रखें। बच्चे को अपनी बात कहने के लिए पर्याप्त समय दें और उसकी तुलना दूसरे बच्चों से बिल्कुल न करें।
5 साल तक बच्चा नहीं बोलता तो तुरंत लें विशेषज्ञ की सलाह
विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चे के बोलने में देरी होने पर केवल समय के साथ सब ठीक होने का इंतजार करना उचित नहीं है। यदि 5 साल की उम्र में भी बच्चा अपनी बात शब्दों में व्यक्त नहीं कर पा रहा है, तो बाल रोग विशेषज्ञ या बाल न्यूरोलॉजिस्ट से संपर्क करना चाहिए। सही समय पर जांच, उचित थेरेपी और माता-पिता के सहयोग से बच्चे की संवाद क्षमता को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

