China Humanoid Robots : आमतौर पर नौकरी में इंसानों के कामचोरी करने, सुस्ती दिखाने या अचानक काम छोड़कर चले जाने की खबरें सामने आती हैं, लेकिन चीन में अब ऐसा ही मामला रोबोट के साथ देखने को मिला है। यहां छह ह्यूमनॉइड रोबोट को एक दुकान में 24 घंटे की नौकरी पर रखा गया था। कंपनी को उम्मीद थी कि ये रोबोट इंसानों की तरह ग्राहकों की सेवा करेंगे और दुकान का पूरा काम संभालेंगे। हालांकि, जब इस प्रयोग का परिणाम सामने आया तो दो रोबोट अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहे। एक रोबोट कचरे का डिब्बा देखकर दुकान से बाहर चला गया, जबकि दूसरा सामान भरने में सुस्ती दिखाता रहा। इस अनोखे प्रयोग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग रोबोट की तुलना इंसानी कर्मचारियों से कर रहे हैं।
शंघाई की दुकान में छह रोबोट की लगी 24 घंटे की ड्यूटी
यह पूरा मामला चीन के शंघाई शहर के शुहुई इलाके का बताया जा रहा है। यहां चीनी रोबोट निर्माता कंपनी एजिबॉट (Agibot) ने अपने छह G2 ह्यूमनॉइड रोबोट को एक वास्तविक कन्वीनियंस स्टोर में काम करने के लिए तैनात किया। इस प्रयोग को ‘Robots Never Clock Out’ नाम दिया गया था। इसकी लाइवस्ट्रीमिंग 2 नवंबर सुबह 10 बजे शुरू हुई और 3 नवंबर सुबह 10 बजे तक चली। खास बात यह थी कि दुकान आम ग्राहकों के लिए भी खुली रही। रोबोट को अलग-अलग समय पर ग्राहकों की जरूरतों के अनुसार काम करना था।

24 घंटे में रोबोट ने किए 1,730 काम
इस चुनौती के दौरान रोबोटों को दिन और रात की अलग-अलग शिफ्ट जैसी परिस्थितियों में काम करना पड़ा। इनमें दोपहर के भोजन का समय, शाम की भीड़, रात की ड्यूटी और सुबह का नाश्ते वाला व्यस्त समय शामिल था। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, छह रोबोट ने मिलकर 24 घंटे में कुल 1,730 काम पूरे किए। इस दौरान उन्होंने 683 बार ग्राहकों का स्वागत किया, 369 बार सामान उठाकर दिया, 147 कॉफी तैयार की और 126 हॉट फूड ऑर्डर पूरे किए। इसके अलावा 277 बार शेल्फ की जांच कर सामान व्यवस्थित किया और 128 बार टेबल की सफाई की।

https://twitter.com/i/status/2118558639393030239
दो रोबोट नौकरी के टेस्ट में हुए फेल
इतने सारे काम पूरे करने के बावजूद सभी रोबोट कंपनी की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। छह में से केवल चार रोबोट ही इस परीक्षण में सफल रहे, जबकि दो को फिलहाल नौकरी के लिए योग्य नहीं माना गया। सबसे दिलचस्प मामला सफाई करने वाले रोबोट का रहा, जिसने अपनी ड्यूटी के दौरान ऐसा कदम उठाया कि सोशल मीडिया पर उसकी खूब चर्चा होने लगी।

कचरे का डिब्बा देखकर दुकान से बाहर भागा रोबोट
रात की शिफ्ट में सफाई की जिम्मेदारी संभाल रहे एक रोबोट के सामने जब कचरे से भरा डिब्बा आया तो वह अपने निर्धारित रास्ते से भटक गया। इसके बाद वह दुकान से बाहर निकल गया और अपनी तय जगह पर वापस नहीं लौटा। इस घटना को लेकर लोग मजाक कर रहे हैं कि रोबोट को कचरा उठाने का काम मिला था, लेकिन वह खुद ही नौकरी छोड़कर भाग गया।
शेल्फ पर सामान भरने वाला रोबोट भी निकला सुस्त
दूसरा असफल रोबोट दुकान की शेल्फ पर रखे सामान की जांच करने और खाली जगहों पर नए उत्पाद रखने के लिए जिम्मेदार था। रिपोर्ट के अनुसार, इस रोबोट में खुद से पहल करने की क्षमता की कमी दिखाई दी। वह दुकान की व्यस्तता के हिसाब से तेजी से सामान नहीं भर पा रहा था। नतीजतन, वह भी इस परीक्षण में सफल नहीं हो सका।
https://twitter.com/i/broadcasts/2OdmqandPklvLo
ग्राहकों ने भी रोबोट को दिए मुश्किल टास्क
इस प्रयोग के दौरान ग्राहकों ने भी रोबोट की क्षमताओं को परखने के लिए कई तरह की चुनौतियां दीं। किसी ने सामान्य कोल्ड ड्रिंक और शुगर-फ्री कोक के बीच अंतर बताने को कहा, तो किसी ने उनके रास्ते में रुकावट पैदा की। कुछ ग्राहकों ने सामान उठाते समय डिब्बों को हिलाकर उनकी कार्यक्षमता जांचने की कोशिश भी की।
क्या इंसानों की जगह ले पाएंगे ह्यूमनॉइड रोबोट?
कंपनी के इस प्रयोग से साफ हुआ कि रोबोट कई नियमित काम कर सकते हैं, लेकिन अभी उन्हें हर परिस्थिति में इंसानों की तरह काम करने में चुनौतियां आती हैं। 24 घंटे की इस ड्यूटी के दौरान चार्जिंग और मानवीय सहायता की जरूरत कितनी पड़ी, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल असफल हुए दोनों रोबोट को ऑब्जर्वेशन ग्रुप में रखा गया है। कंपनी को उम्मीद है कि सुधार के बाद वे भी भविष्य में पूर्णकालिक कर्मचारी बन सकेंगे। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। किसी का कहना है कि अब रोबोट भी कामचोर हो गए हैं, तो कोई सफाई वाले रोबोट को इंसानों जैसा बता रहा है।
Read More : Ayodhya Deepotsav 2026 : अयोध्या में दसवें दीपोत्सव की भव्य तैयारी, 30 लाख दीपों से बनेगा नया विश्व रिकॉर्ड

