Chinmay Sutar World Record : भारतीय घरेलू क्रिकेट में इन दिनों मिजोरम के युवा बल्लेबाज चिन्मय सुतार अपने असाधारण प्रदर्शन को लेकर सुर्खियों में हैं। 29 वर्षीय इस बल्लेबाज ने अपने बल्ले से ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसकी चर्चा अब क्रिकेट जगत में तेजी से हो रही है। लगातार बड़ी पारियां खेलने वाले चिन्मय ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 103 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच दिया है।
अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेली 175 रनों की पारी
रणजी ट्रॉफी में चिन्मय सुतार का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 175 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। इससे पहले नागालैंड के खिलाफ उन्होंने नाबाद 400 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। उनकी बल्लेबाजी में गजब की निरंतरता दिखाई दे रही है। यही वजह है कि क्रिकेट विशेषज्ञों और प्रशंसकों की निगाहें अब इस खिलाड़ी पर टिक गई हैं।

103 साल पुराना बिल पोंसफोर्ड का रिकॉर्ड ध्वस्त
चिन्मय सुतार की सबसे बड़ी उपलब्धि उनके शुरुआती पांच फर्स्ट क्लास पारियों से जुड़ी है। अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 175 रन बनाने के बाद उनके शुरुआती पांच पारियों का कुल स्कोर 834 रन पहुंच गया है।इस उपलब्धि के साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज बिल पोंसफोर्ड का 103 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पोंसफोर्ड ने 1921 से 1923 के बीच अपनी शुरुआती पांच फर्स्ट क्लास पारियों में 724 रन बनाए थे। अब चिन्मय ने 834 रन बनाकर इस ऐतिहासिक आंकड़े को काफी पीछे छोड़ दिया है। इस तरह वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट की शुरुआती पांच पारियों में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

शुरुआती छह पारियों का रिकॉर्ड भी किया अपने नाम
चिन्मय की उपलब्धि केवल पांच पारियों तक सीमित नहीं है। उन्होंने शुरुआती छह फर्स्ट क्लास पारियों में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में भी नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। इस सूची में अफगानिस्तान के बशीर शाह के नाम 831 रन दर्ज थे, लेकिन चिन्मय अब 834 रन बनाकर उनसे आगे निकल चुके हैं।खास बात यह है कि उनकी अगली पारी में अगर वह शून्य पर भी आउट हो जाते हैं, तब भी शुरुआती छह पारियों में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड उनके नाम बरकरार रहेगा।
मणिपुर के खिलाफ डेब्यू से शुरू हुआ शानदार सफर
चिन्मय सुतार ने मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में मिजोरम की ओर से अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। मणिपुर के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में उन्होंने 35 और 99 रनों की पारियां खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।इसके बाद नागालैंड के खिलाफ नाबाद 400 रन बनाए। मेघालय के विरुद्ध 125 रनों की पारी खेली और फिर अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 175 रन जड़ दिए। इन पारियों के दम पर उन्होंने शुरुआती पांच पारियों में 834 रन बना लिए हैं। उनका मौजूदा बल्लेबाजी औसत 208.50 है, जो उनकी निरंतरता और शानदार फॉर्म को दर्शाता है।

क्या भारतीय टीम में मिलेगी चिन्मय को जगह?
29 साल से अधिक उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट की शुरुआत करने के बावजूद चिन्मय सुतार ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह बेहद खास है। आमतौर पर भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों को कड़ी प्रतिस्पर्धा से गुजरना पड़ता है।
हालांकि, चिन्मय का यह प्रदर्शन चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित कर सकता है। लगातार बड़ी पारियां और विश्व रिकॉर्ड उनके दावे को मजबूत बना रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले मुकाबलों में वह अपनी इस शानदार लय को कितना बरकरार रख पाते हैं और क्या उनके प्रदर्शन का इनाम उन्हें भारतीय क्रिकेट में आगे बढ़ने का मौका दिला पाता है।

