Chirag Paswan political : बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच एनडीए गठबंधन में सब कुछ सामान्य नहीं दिख रहा है। अंदरखाने से आ रही खबरों के मुताबिक, बीजेपी नेतृत्व लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से खफा है। कारण है चिराग का लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार सरकार के खिलाफ तीखा रवैया।

जेडीयू नेताओं ने चिराग की शिकायत
सूत्रों के अनुसार, जेडीयू नेताओं ने बीजेपी नेतृत्व से चिराग की शिकायत की है। नीतीश सरकार पर सवाल उठाते हुए चिराग ने बिहार की कानून व्यवस्था और प्रशासन पर कई बार खुलकर बयान दिए हैं। जेडीयू इसे गठबंधन धर्म के खिलाफ मान रही है। इसी कारण बीजेपी आलाकमान ने चिराग पासवान को ‘चुप रहने’ और संयम बरतने की हिदायत दी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बीजेपी और चिराग पासवान के बीच एक ‘क्लोज्ड डोर मीटिंग’ हो सकती है, जिसमें उन्हें स्पष्ट तौर पर गठबंधन की मर्यादा में रहने को कहा जाएगा। बीजेपी का मानना है कि चुनाव से पहले ऐसी बयानबाज़ी से गठबंधन की एकता पर सवाल उठ सकते हैं और विरोधियों को हमले का मौका मिल सकता है।

‘एंटी-नीतीश’ रणनीति
गौरतलब है कि बीजेपी कई बार स्पष्ट कर चुकी है कि बिहार में एनडीए का चेहरा नीतीश कुमार ही रहेंगे और चुनाव उन्हीं के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। ऐसे में चिराग पासवान की ‘एंटी-नीतीश’ रणनीति गठबंधन के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में अपने दौरों में बिहार में एनडीए की ‘मजबूत एकता’ का संदेश देने की कोशिश की थी, मगर चिराग के बयानों से यह संदेश कमजोर पड़ता दिख रहा है।
एकजुटता बनाए रखने की कोशिश
बीजेपी सूत्रों का कहना है कि LJP को पहले भी यह बताया गया था कि उनकी भूमिका सहयोगी के रूप में गठबंधन को मजबूत करने की है, न कि अंदरूनी टकराव पैदा करने की। सीटों के बंटवारे पर चर्चा अभी चल रही है और माना जा रहा है कि अंतिम फैसले के वक्त असंतोष की आवाजें उठ सकती हैं, लेकिन बीजेपी हर हाल में एकजुटता बनाए रखने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर लड़ने की योजना तैयार है, लेकिन चिराग पासवान के रुख से यह साफ है कि सियासी गर्मी में गठबंधन की साख भी दांव पर लग सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी की ‘चुप रहने’ की सलाह पर चिराग कितना अमल करते हैं और क्या एनडीए इस आंतरिक खींचतान से खुद को बचा पाता है या नहीं।
Read More : Delhi triple murder : रक्षाबंधन पर रिश्तों का कत्ल, दिल्ली में ट्रिपल मर्डर से फैली सनसनी, आरोपी फरार










