Jammu Kashmir Terror Raids: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच के तहत काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) विंग ने घाटी में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। अधिकारियों के अनुसार, CIK द्वारा यह कार्रवाई FIR संख्या 3/2023 से जुड़े एक मामले में की जा रही है, जिसके लिए अदालत से विधिवत वारंट प्राप्त किया गया है।

किन जिलों में चल रही है कार्रवाई?
यह तलाशी अभियान जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, कुपवाड़ा, हंदवाड़ा, पुलवामा और शोपियां जिलों में चलाया जा रहा है। कुल मिलाकर घाटी में आठ स्थानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि इस छापेमारी का मकसद आतंकियों से जुड़े नेटवर्क और संदिग्धों के विदेशी हैंडलर्स से संपर्क की जांच करना है। पहले भी ऐसे मामलों में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के संपर्क में होने की जानकारी मिली थी।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले जुलाई 2025 में भी CIK द्वारा घाटी में एक साथ कई जगहों पर रेड की गई थी। तब भी आतंकियों की गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए कई सुरागों की जांच की गई थी। सेना और पुलिस लगातार आतंकवादी नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी हुई हैं। सुरक्षाबलों ने हाल ही में कई घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम किया है और घाटी में आतंकी गतिविधियों पर करारा प्रहार किया है।
क्या है मकसद?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस रेड का उद्देश्य यह पता लगाना है कि संदिग्ध व्यक्ति किन-किन लोगों के संपर्क में हैं और उनकी डिजिटल गतिविधियां, कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया इंटरैक्शन को खंगाला जा रहा है। आतंकियों के साथ सीधे या अप्रत्यक्ष संपर्क की भी जांच की जा रही है।
उधमपुर में स्पा सेंटर पर बड़ी रेड
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी कार्रवाइयों के अलावा उधमपुर जिले में पुलिस ने एक स्पा सेंटर पर बड़ी छापेमारी की है। यह कार्रवाई वार्ड नंबर 5, बडिया इलाके में स्थित एक स्पा सेंटर में की गई। पुलिस ने यहां से कई पुरुषों और महिलाओं को हिरासत में लिया है।
करीब चार घंटे तक चली इस रेड में पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने पूरे परिसर को खंगाला। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस को शक है कि इस स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था।
पुलिस की सराहना
स्पा सेंटर पर हुई कार्रवाई को लेकर स्थानीय निवासियों ने पुलिस की सराहना की है। लोगों का कहना है कि ऐसे सेंटर समाज में गलत संदेश फैलाते हैं और इन पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस ने भी साफ किया है कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। CIK की ताजा छापेमारी और उधमपुर में स्पा सेंटर पर हुई रेड से साफ है कि पुलिस आतंक और अपराध के हर पहलू पर नजर रखे हुए है। आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाइयों में और तेजी आने की उम्मीद है।
Read More: अनुकम्पा नियुक्त कर्मचारियों को विद्युत विभाग की सौगात, 29 कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ










