CM Vishnu Deo Sai: रायपुर में गुरुवार शाम सरगुजा के ग्रामीण इलाकों से आए छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। अंबिकापुर के सात शासकीय विद्यालयों से पहुंचे करीब 50 विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ संवाद किया। इस दौरान सीएम साय ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों, अनुभवों और भविष्य के सपनों को लेकर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें जीवन में बड़ा लक्ष्य तय करने और उसे पाने के लिए मेहनत, अनुशासन व लगन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।

विद्यार्थी जीवन को बताया भविष्य की मजबूत नींव
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थी जीवन किसी भी व्यक्ति के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है। इस दौरान देखे गए सपने और उन्हें पूरा करने के लिए किया गया परिश्रम आगे की दिशा निर्धारित करते हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अपनी सोच को सीमित न रखें और बड़े लक्ष्य निर्धारित करें। कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर प्रयास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता का रास्ता खोल सकता है।

डॉक्टर-इंजीनियर बनना ही सफलता नहीं
सीएम साय ने विद्यार्थियों को समझाया कि सफलता का मतलब केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनना नहीं है। आज शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता समेत कई क्षेत्रों में युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की अलग प्रतिभा और रुचि होती है। इसलिए बच्चों को पहले अपनी क्षमता पहचाननी चाहिए, फिर अपनी पसंद के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करके पूरी प्रतिबद्धता के साथ उसे हासिल करने का प्रयास करना चाहिए।
प्रदेश की प्रतिभाओं से प्रेरणा लेने की सलाह
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ छत्तीसगढ़ की विभिन्न प्रतिभाओं और उपलब्धियां हासिल करने वाले लोगों से जुड़े प्रेरक प्रसंग भी साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल सही दिशा, बेहतर मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत की है। विद्यार्थियों को अपने आसपास मौजूद सफल लोगों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने का प्रयास करना चाहिए।
ग्रामीण बच्चों को समान अवसर देने पर जोर
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन के बाद राज्य में शिक्षा के क्षेत्र का लगातार विस्तार हुआ है। प्रदेश में अब राष्ट्रीय स्तर के कई प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान मौजूद हैं, जहां युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च और तकनीकी शिक्षा हासिल करने के अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी शिक्षा, मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

शैक्षणिक भ्रमण से बढ़ती है बच्चों की जिज्ञासा
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए आयोजित शैक्षणिक भ्रमण की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित संस्थानों को करीब से देखने से बच्चों को भविष्य के विकल्पों की जानकारी मिलती है और उनकी सोच का दायरा भी बढ़ता है। ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों में नई जिज्ञासा पैदा करने के साथ उनके सपनों को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी किया प्रेरित
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन पूरे जीवन की नींव के समान होता है। जिस तरह मजबूत भवन के लिए मजबूत नींव जरूरी है, उसी तरह सफल भविष्य के लिए अनुशासन, परिश्रम और समय का सही इस्तेमाल आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस समय का उपयोग ज्ञान बढ़ाने, लक्ष्य पहचानने और व्यक्तित्व विकास के लिए करने का आह्वान किया।
सात विद्यालयों के विद्यार्थी भ्रमण में शामिल
इस शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला, करजी और शासकीय सेजेस केशवपुर के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। ग्रामीण क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों के लिए यह यात्रा शिक्षा और करियर से जुड़े नए विकल्पों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर रही।
आईआईएम से ट्रिपल आईटी तक संस्थानों का किया दौरा
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय सहित कई प्रमुख संस्थानों का दौरा किया। छात्रों ने इन संस्थानों की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन सुविधाओं और भविष्य में उपलब्ध करियर अवसरों के बारे में जानकारी हासिल की।
विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों से अपने माता-पिता, विद्यालय और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Read More : Bijapur Tiranga Rally : नक्सलमुक्त बीजापुर में तिरंगा बाइक रैली, आजादी के जश्न से गूंजा पूरा इलाका












