Data Leak : दुनियाभर के इंटरनेट यूजर्स की निजी जानकारी को लेकर एक बड़ी साइबर सुरक्षा चिंता सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, दो असुरक्षित डेटाबेस के लीक होने से 3.5 बिलियन यानी 350 करोड़ से अधिक यूजरनेम, पासवर्ड, राष्ट्रीय पहचान पत्र नंबर और अन्य संवेदनशील जानकारियां उजागर हुई हैं। इस घटना से करोड़ों लोगों के ऑनलाइन अकाउंट और डिजिटल पहचान पर खतरा पैदा हो सकता है। साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि लीक हुए डेटा का इस्तेमाल साइबर अपराधी धोखाधड़ी, अकाउंट हैकिंग और पहचान की चोरी जैसे अपराधों में कर सकते हैं।
साइबर रिसर्चर्स ने दो डेटाबेस के लीक होने का किया दावा
इस डेटा लीक का दावा UpGuard के साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर ग्रेग पॉलक और ब्लैक हिल्स इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी के जर्मिया फॉलर ने किया है। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों डेटाबेस में लगभग 1.5 बिलियन यानी 150 करोड़ दस्तावेज और करीब 2 बिलियन यानी 200 करोड़ लॉग-इन क्रेडेंशियल्स मौजूद हैं। इनमें सबसे अधिक जानकारियां चीन के नागरिकों से संबंधित बताई गई हैं। हालांकि, इतने बड़े स्तर पर डेटा उजागर होने के बाद दूसरे देशों के इंटरनेट यूजर्स की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

राष्ट्रीय पहचान पत्र और फोन नंबर जैसी संवेदनशील जानकारी शामिल
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि लीक हुए डेटा में करीब 1.64 बिलियन दस्तावेज, 840 मिलियन राष्ट्रीय पहचान पत्र नंबर, 300 मिलियन फोन नंबर और 11 मिलियन छात्रों के नामांकन रिकॉर्ड शामिल हैं। इसके अलावा लगभग 8 मिलियन कारोबारी पंजीकरण से जुड़ी जानकारियां भी उजागर हुई हैं। ये विवरण बेहद संवेदनशील माने जाते हैं। यदि ये गलत हाथों में पहुंचते हैं तो इनका इस्तेमाल फर्जी पहचान बनाने, लोगों को निशाना बनाने और वित्तीय या व्यक्तिगत धोखाधड़ी करने में किया जा सकता है।

ईमेल, पासवर्ड और सोशल मीडिया अकाउंट्स भी खतरे में
दूसरे डेटाबेस में मुख्य रूप से ईमेल एड्रेस, यूजरनेम, पासवर्ड, ब्राउजर कुकीज, सेशन टोकन और डिवाइस से जुड़ी जानकारियां शामिल होने का दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस डेटाबेस में 8,471 फोल्डर उजागर हुए हैं, जिनमें अलग-अलग अकाउंट्स के लॉग-इन विवरण मौजूद हैं। इन फोल्डर्स में अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी सहित कई देशों के नागरिकों की जानकारियां बताई गई हैं।
सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों के ईमेल भी शामिल
रिपोर्ट के अनुसार, लीक हुए क्रेडेंशियल्स में .gov, .edu और .org डोमेन वाले ईमेल एड्रेस भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त करीब 100 मिलियन सोशल मीडिया अकाउंट्स और 10 मिलियन से ज्यादा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अकाउंट्स की जानकारी उजागर होने का दावा किया गया है। शोधकर्ताओं ने यह भी आशंका जताई है कि लगभग 4 लाख दस्तावेजों में एडवांस मालवेयर का इस्तेमाल हुआ हो सकता है। ऐसे में इस डेटा का दुरुपयोग केवल व्यक्तिगत अकाउंट तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि संस्थानों की डिजिटल सुरक्षा के लिए भी चुनौती बन सकता है।

डेटा लीक से बचने के लिए क्या सावधानी बरतें?
साइबर अपराध से बचने के लिए सभी ऑनलाइन अकाउंट्स के मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड रखें। समय-समय पर पासवर्ड बदलें और जहां संभव हो, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन यानी दो-स्तरीय सुरक्षा सक्रिय करें। वेब ब्राउजर और मोबाइल ऐप्स को अपडेट रखें तथा अनजान लिंक या संदिग्ध अटैचमेंट खोलने से बचें। सार्वजनिक वाई-फाई पर बैंकिंग और संवेदनशील अकाउंट इस्तेमाल करने से बचना बेहतर है। जरूरत पड़ने पर सुरक्षित नेटवर्क का उपयोग करें। ब्राउजर की कुकीज और अनावश्यक सेशन समय-समय पर साफ करें।
साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत करें शिकायत
यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है या बैंक खाते से अनधिकृत लेनदेन होता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके साथ ही आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी साइबर थाने में रिपोर्ट करें। समय पर शिकायत करने से नुकसान को सीमित करने और जांच में मदद मिल सकती है।
Read More : Anand Mohan Case: सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार का फैसला किया रद्द , एक महीने में सरेंडर का आदेश

