Delhi AQI : देश की राजधानी दिल्ली में दीपावली का त्योहार बीतने के बावजूद वायु प्रदूषण से लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मंगलवार, 10 नवंबर की सुबह भी दिल्ली की हवा बेहद खराब स्थिति में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की ओर से सुबह 7 बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 307 रहा। यह स्तर बहुत खराब (Very Poor) श्रेणी में आता है। हालांकि, सोमवार को दिवाली के अगले दिन सुबह दर्ज किए गए 344 AQI के मुकाबले मंगलवार को प्रदूषण के स्तर में कुछ गिरावट जरूर आई है, लेकिन स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
चांदनी चौक और पूसा में AQI 395 तक पहुंचा
CPCB के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर एक जैसा नहीं है। राजधानी के 28 प्रमुख एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों से मिले आंकड़े कई क्षेत्रों में बेहद खराब स्थिति की ओर इशारा कर रहे हैं। चांदनी चौक और पूसा में AQI 395 दर्ज किया गया। इन दोनों इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के बेहद करीब पहुंच गया है। इसके अलावा NSUT जाफरपुर में 382, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 380, तालकटोरा स्टेडियम में 372, सीरीफोर्ट में 371, JNU में 369 और IIT दिल्ली में 364 AQI दर्ज किया गया।

इन इलाकों में भी सांस लेना हुआ मुश्किल
राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। बुराड़ी क्रॉसिंग में AQI 360, पंजाबी बाग में 355 और आया नगर में 354 दर्ज किया गया। वहीं नेहरू नगर में 344, नरेला में 341, मुंडका में 336, DTU में 331 और आरके पुरम में 328 AQI रहा। द्वारका सेक्टर-8 में 327, लोधी रोड में 326, बवाना में 321 और शादीपुर में 319 दर्ज किया गया। इसके अलावा डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज और झड़ौदा कलां में 311, बुराड़ी में 309, वजीरपुर में 306, जहांगीरपुरी में 305, रोहिणी में 304 और दिलशाद गार्डन में 301 AQI रिकॉर्ड किया गया।

CPCB के अनुसार AQI की कौन सी श्रेणी सबसे खतरनाक?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने वायु गुणवत्ता को छह श्रेणियों में बांटा है। 0 से 50 तक AQI को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक और 101 से 200 को मध्यम श्रेणी माना जाता है। वहीं 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी होती है। इस पैमाने के मुताबिक दिल्ली का 307 AQI स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक है। लगातार प्रदूषित हवा में रहने से लोगों को सांस लेने में परेशानी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
पटाखे और मौसम की स्थिति बढ़ा रहे प्रदूषण
पर्यावरण और वायु गुणवत्ता विशेषज्ञों के मुताबिक, दिवाली के दौरान जलाए गए पटाखों से निकले प्रदूषक कण दिल्ली की हवा को प्रभावित कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियां प्रदूषण को और बढ़ा रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जब वेंटिलेशन इंडेक्स 6,000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड से नीचे चला जाता है और हवा की औसत रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहती है, तब प्रदूषक कण वातावरण में फैलने के बजाय एक ही जगह जमा होने लगते हैं।

आने वाले दिनों में और बिगड़ सकते हैं हालात
हवा की गति कम होने और वातावरण में प्रदूषकों के जमा होने से दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर लंबे समय तक ऊंचा बना रह सकता है। विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि मौसमी परिस्थितियां अनुकूल नहीं रहीं तो आने वाले दिनों में राजधानी की हवा और जहरीली हो सकती है। ऐसे में दिवाली के बाद भी दिल्लीवासियों को प्रदूषण से जल्द राहत मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही है।


