छत्तीसगढ़ के शेयर मार्केट में निवेश कराकर बदले में जमीन और मासिक कैश देने का झांसा देकर 1 करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले शातिर आरोपी अभिलाष मसीह को राजेंद्र नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अभी आरोपी के फरार पाटर्नर प्रवीण मसीह की तलाश में जुटी हुई है। इस मामले की शिकायत दवा कारोबारी भागीरथी यादव ने 3 अगस्त को न्यू राजेंद्र नगर थाना में दर्ज कराई थी।

ठगी का मामला
शिकायतकर्ता भागीरथी यादव ने बताया कि उनके दोस्त जीवन लाल और चंद्रकांत साहू की अगस्त 2024 में आरोपी अभिलाष मसीह और प्रवीण मसीह से मुलाकात हुई थी। आरोपियों ने पांच लाख रुपए शेयर मार्केट में निवेश करने पर 1000 स्क्वायर फीट जमीन और छह लाख रुपए प्रतिमाह कैश बैक देने का वादा किया था।

तय समय पर जब जमीन नहीं मिली और मासिक भुगतान भी रुक गया, तो पीड़ितों ने आरोपी से दस्तावेज और पैसा वापस मांगा। आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे और अंत में उनका ऑफिस बंद कर दिया, जिससे पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ितों की संख्या और ठगी की राशि
भागीरथी यादव के दोस्त और अन्य पीड़ितों ने मिलकर पुलिस को बताया कि इस घोटाले में लगभग 12 से अधिक लोग शामिल हैं, जिनसे कुल 1 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी की गई है। आरोपियों ने विभिन्न लोगों से अलग-अलग रकम लेकर उन्हें भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।
पुलिस की कार्रवाई
राजेंद्र नगर थाना निरीक्षक अविनाश सिंह ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के बाद पुलिस ने शातिर आरोपी अभिलाष मसीह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, आरोपी का फरार साथी प्रवीण मसीह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी तलाश जारी है।
निवेशकों को सतर्क रहने की अपील
राजेंद्र नगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे शेयर मार्केट या निवेश के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था पर तुरंत भरोसा न करें। निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल करना और वैध दस्तावेजों की पुष्टि करना आवश्यक है ताकि इस तरह के धोखाधड़ी से बचा जा सके।
राजेंद्र नगर में शेयर मार्केट के नाम पर की गई ठगी ने कई निवेशकों को आर्थिक संकट में डाल दिया है। पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से अब आरोपी के गिरफ्तारी के बाद पीड़ितों को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। हालांकि, फरार प्रवीण मसीह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।










