Weather Alert
Weather Alert: उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप की चपेट में है। हालांकि, बीती रात दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी और गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने न केवल प्रदूषण को धो डाला, बल्कि वातावरण में हल्की ठंडक भी घोल दी। इस दौरान कई इलाकों में तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई। लेकिन यह राहत बहुत कम समय के लिए है, क्योंकि आज से सूरज के तेवर फिर से तल्ख होने वाले हैं और लू का दौर वापस लौटने की उम्मीद है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में महत्वपूर्ण बदलाव देखा गया। नारायणा में सबसे अधिक 10.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जहाँ पारा 30.1 से गिरकर सीधा 20 डिग्री तक पहुँच गया। जाफरपुर में तापमान 8.6 डिग्री कम हुआ, जबकि पूसा और आयानगर में क्रमशः 9.1 और 8.9 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। पूसा में इस दौरान 48 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे धूल भरी आंधी ने जनजीवन को प्रभावित किया। वहीं, लोधी रोड और मयूर विहार जैसे इलाकों में हल्की वर्षा ने रात के समय लोगों को सुकून दिया।
भले ही बीती रात ठंडी रही हो, लेकिन आज यानी 18 अप्रैल से गर्मी अपने पुराने रूप में वापस आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन तापमान में कमी नहीं आएगी। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों यानी 19 से 23 अप्रैल के बीच किसी भी प्रकार की बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, जिससे पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी अब गर्मी का प्रचंड दौर शुरू होने वाला है।
मैदानी इलाकों में जहाँ गर्मी बढ़ रही है, वहीं पहाड़ी राज्यों में अभी भी हलचल जारी है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख जैसे क्षेत्रों में आज और कल के लिए मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। यहाँ गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कमोबेश यही स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, 20 अप्रैल के बाद इन राज्यों में भी मौसम सामान्य होने लगेगा और धूप की तपिश बढ़ जाएगी।
उत्तर प्रदेश में 23 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहने वाला है। लखनऊ, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज जैसे जिलों में पारा 40 डिग्री के पार जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के कई हिस्सों में लू (Heatewave) चलने की प्रबल संभावना है। राजस्थान में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। यहाँ दिन के समय लू और सीधी धूप के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा। विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि दोपहर के समय बेवजह बाहर न निकलें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।
मौसम विभाग ने देश के अन्य हिस्सों के लिए भी सावधानी बरतने को कहा है। इस सप्ताह भारत के पश्चिमी और पूर्वी तटीय इलाकों में उमस भरी गर्मी बनी रहेगी। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 17 से 19 अप्रैल के बीच हीटवेव की स्थिति रहेगी। वहीं, ओडिशा में 20 अप्रैल तक और झारखंड में 19 से 21 अप्रैल के बीच लू का प्रकोप रहेगा। तेलंगाना और रायलसीमा में भी भीषण गर्मी को लेकर लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
Giant hunting spider : प्रकृति के रहस्यों की खोज में जुटे दक्षिण अमेरिकी शोधकर्ताओं ने…
SDM Car Accident : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने…
Dinesh Mahant Thakordas : कहते हैं कि उम्र केवल एक संख्या होती है, और इस…
UP Home Guard Recruitment : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं…
Gucchi Mushroom : आधुनिक दौर में खेती अब केवल पारंपरिक फसलों तक सीमित नहीं रह…
PM Address Nation :शनिवार रात 8:30 बजे, जब पूरा देश टेलीविजन स्क्रीन के सामने मौजूद…
This website uses cookies.