Dev Uthani Ekadashi 2026 : हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। इसे देवोत्थान एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा और व्रत करने की परंपरा है। साल 2026 में एकादशी तिथि दो तारीखों के बीच पड़ने के कारण श्रद्धालुओं के मन में सवाल है कि व्रत 20 नवंबर को रखा जाएगा या 21 नवंबर को। पंचांग के अनुसार, सामान्य गृहस्थ श्रद्धालुओं के लिए व्रत की तारीख 20 नवंबर है, जबकि वैष्णव परंपरा में 21 नवंबर को व्रत रखा जाएगा।
20 नवंबर को शुरू होगी एकादशी तिथि
पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगी। इसका समापन 21 नवंबर, शनिवार को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर होगा। तिथि के सूर्योदय से जुड़े नियमों और परंपराओं के आधार पर सामान्य गृहस्थ श्रद्धालु 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी का व्रत रखेंगे। वहीं, वैष्णव संप्रदाय के अनुयायी 21 नवंबर को गौण या वैष्णव एकादशी के रूप में व्रत कर सकते हैं।

देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु की पूजा का महत्व
देवउठनी एकादशी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करने के बाद व्रत का संकल्प लिया जाता है। इसके बाद भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। भक्त उन्हें फल, फूल, धूप, दीप और नैवेद्य अर्पित करते हैं। इस दिन विष्णु सहस्रनाम का पाठ, मंत्र जाप और भजन-कीर्तन करना शुभ माना जाता है। पूजा के दौरान श्रद्धालु भगवान विष्णु से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।

देवउठनी एकादशी 2026 के शुभ मुहूर्त
20 नवंबर को पूजा के लिए ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5:01 से 5:54 बजे तक, अभिजित मुहूर्त सुबह 11:45 से दोपहर 12:28 बजे तक और गोधूलि मुहूर्त शाम 5:26 से 5:52 बजे तक बताया गया है। ये समय स्थान के अनुसार बदल सकते हैं, इसलिए पूजा के लिए अपने शहर के पंचांग से मुहूर्त की पुष्टि करना उचित है।
देवउठनी एकादशी 2026 व्रत पारण का समय
20 नवंबर को व्रत रखने वाले श्रद्धालु 21 नवंबर को द्वादशी तिथि में पारण करेंगे। दिल्ली के लिए पारण का समय दोपहर 1:11 से 3:18 बजे तक बताया गया है। लखनऊ में यह समय दोपहर 12:56 से 3:05 बजे तक है। वहीं, 21 नवंबर को वैष्णव परंपरा के अनुसार व्रत रखने वाले श्रद्धालु 22 नवंबर को सुबह पारण करेंगे। लखनऊ में इसके लिए सुबह 6:31 से 8:39 बजे तक का समय दिया गया है। पारण अपने स्थानीय पंचांग के अनुसार करें।

क्यों मनाई जाती है देवउठनी एकादशी?
पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी से चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं। इसी कारण इसे देवउठनी एकादशी कहा जाता है। इस दिन के बाद विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत शुभ मानी जाती है।
Read More : Congress Controversy: मणिपुर में कांग्रेस ने आरोपी सांसद को दी बड़ी जिम्मेदारी, बीजेपी ने उठाए सवाल

