Diabetes Screening : डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है, जो कई बार बिना स्पष्ट लक्षणों के शरीर में बढ़ती रहती है। शुरुआत में व्यक्ति को इसका पता भी नहीं चलता। जब अत्यधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना या बिना वजह वजन कम होना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तब तक ब्लड शुगर का स्तर काफी बढ़ चुका हो सकता है। इसलिए केवल लक्षणों का इंतजार करना सही नहीं है। खासकर 30 साल की उम्र पार करने के बाद नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच कराना जरूरी है।
डायबिटीज पहचानने के लिए कौन-से चार टेस्ट हैं जरूरी?
ब्लड शुगर और प्री-डायबिटीज की स्थिति जानने के लिए कुछ सामान्य जांच उपलब्ध हैं। इनमें फास्टिंग प्लाज्मा ग्लूकोज, HbA1c, ओरल ग्लूकोज टॉलरेंस और रैंडम ब्लड शुगर टेस्ट शामिल हैं।

1. Fasting Plasma Glucose Test: खाली पेट कराएं जांच
फास्टिंग प्लाज्मा ग्लूकोज यानी FPG टेस्ट डायबिटीज की पहचान के लिए इस्तेमाल होने वाली प्रमुख जांच है। इसे कराने के लिए कम से कम 8 घंटे तक कुछ खाना नहीं चाहिए। आमतौर पर यह जांच सुबह खाली पेट कराई जाती है।इसकी रिपोर्ट में 100 mg/dL से कम शुगर सामान्य मानी जाती है। 100 से 125 mg/dL तक की रीडिंग प्री-डायबिटीज का संकेत देती है, जबकि 126 mg/dL या इससे अधिक स्तर डायबिटीज की आशंका बताता है।

2. HbA1c Test: तीन महीने की औसत शुगर का पता
HbA1c टेस्ट की खासियत यह है कि इसके लिए खाली पेट रहने की जरूरत नहीं होती। यह जांच पिछले लगभग 2 से 3 महीनों के औसत ब्लड शुगर स्तर की जानकारी देती है।इसमें 5.7 प्रतिशत से कम रीडिंग सामान्य मानी जाती है। 5.7 से 6.4 प्रतिशत तक का स्तर प्री-डायबिटीज और 6.5 प्रतिशत या इससे अधिक रीडिंग डायबिटीज का संकेत हो सकती है।
3. Oral Glucose Tolerance Test: शरीर की शुगर संभालने की क्षमता
ओरल ग्लूकोज टॉलरेंस टेस्ट यानी OGTT से पता चलता है कि शरीर ग्लूकोज लेने के बाद ब्लड शुगर को किस तरह नियंत्रित करता है। इसमें पहले खाली पेट रक्त का नमूना लिया जाता है। इसके बाद 75 ग्राम ग्लूकोज का घोल पिलाकर दो घंटे बाद दोबारा जांच की जाती है।दो घंटे बाद 140 mg/dL से कम रीडिंग सामान्य, 140 से 199 mg/dL प्री-डायबिटीज और 200 mg/dL या अधिक डायबिटीज का संकेत हो सकती है। गर्भवती महिलाओं में भी इस जांच का उपयोग होता है, लेकिन उनके लिए अलग मानक लागू होते हैं।

4. Random Blood Sugar Test: कभी भी करा सकते हैं जांच
रैंडम ब्लड शुगर यानी RBS टेस्ट दिन में किसी भी समय कराया जा सकता है। इसके लिए खाली पेट रहने की जरूरत नहीं होती। खासकर अत्यधिक प्यास, बार-बार पेशाब या बिना वजह वजन घटने जैसे लक्षण होने पर डॉक्टर यह जांच कराने की सलाह दे सकते हैं। 200 mg/dL या अधिक रीडिंग डायबिटीज का संकेत हो सकती है। हालांकि, डॉक्टर लक्षणों और अन्य जांचों के आधार पर इसकी पुष्टि करते हैं।
रिपोर्ट में शुगर बढ़ी मिले तो क्या करें?
एक बार रिपोर्ट असामान्य आने पर घबराने की जरूरत नहीं है। यदि डायबिटीज के स्पष्ट लक्षण नहीं हैं, तो डॉक्टर दूसरी जांच से परिणाम की पुष्टि कर सकते हैं। दोबारा जांच और मरीज की स्थिति के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाता है।
30 साल के बाद कितने समय में कराएं जांच?
भारतीय लोगों में टाइप-2 डायबिटीज का जोखिम कम उम्र में भी देखा जाता है। इसलिए 30 साल के बाद नियमित स्क्रीनिंग महत्वपूर्ण है। शुरुआती जांच सामान्य हो और कोई विशेष जोखिम न हो, तो डॉक्टर की सलाह के अनुसार लगभग हर तीन साल में जांच कराई जा सकती है।
इन लोगों को हर साल जांच की जरूरत हो सकती है
परिवार में माता-पिता या भाई-बहन को डायबिटीज होने, अधिक वजन, पेट पर चर्बी, कम शारीरिक गतिविधि, हाई ब्लड प्रेशर, बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल या PCOS की स्थिति में जोखिम बढ़ सकता है। गर्भावस्था में जेस्टेशनल डायबिटीज रह चुकी महिलाओं को भी नियमित जांच करानी चाहिए। प्री-डायबिटीज वाले लोगों के लिए डॉक्टर हर 6 से 12 महीने में जांच की सलाह दे सकते हैं।समय पर जांच, संतुलित खानपान, वजन नियंत्रित रखने और नियमित शारीरिक गतिविधि से टाइप-2 डायबिटीज के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है। अपनी रिपोर्ट और जांच का अंतराल डॉक्टर से तय करें।
Read More : Ashta Bhairav : काल भैरव के आठ स्वरूपों में छिपे हैं अलग-अलग रहस्य, जानिए किस दिशा के रक्षक हैं कौन?

