Ambikapur News : गांधी स्टेडियम अंबिकापुर में चल रहे संभाग स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट में रविवार को दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मैच में रेलवे करंजी ने कड़े संघर्ष के बाद टाईब्रेकर में जीत हासिल की, वहीं दूसरे मैच में कंचनपुर की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए आसानी से विजय दर्ज की।

प्रथम मैच मोहनपुर और रेलवे करंजी के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमें पहले हाफ और दूसरे हाफ में गोल करने के लिए पूरी तरह हावी रहीं, लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी गोल नहीं हो सका। नतीजा टाईब्रेकर से तय हुआ, जहां रेलवे करंजी ने 3-2 से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।
दिन का दूसरा मुकाबला कंचनपुर और सैनिक स्कूल अंबिकापुर के बीच खेला गया। कंचनपुर के आलोक ने पहला गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद अविनाश और आलोक ने एक-एक गोल और कर बढ़त को मजबूत किया और कंचनपुर ने 3-0 से शानदार जीत हासिल की। मैच के निर्णायक मंडल में दिनेश जायसवाल, अंकुश, नितेश, आयुष, बालसाय, प्रकाश, रामबहादुर लाम्बा, दीपक कुजूर, कमलेश किस्पोट्टा, अखिला राजवाड़े, विनोद सिंह एवं मंगल कुमार मौजूद रहे।
15 सितम्बर को सूर्या क्लब बिशुनपुर विरुद्ध एफ.सी. सत्तीपारा और फाइटर क्लब मेंद्रा खुर्द विरुद्ध एफ.सी. रेवापुर के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।


















