Ambikapur News : गांधी स्टेडियम में चल रही संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में गुरुवार को खेले गए मैच रोमांच से भरपूर रहे। पहले मुकाबले में ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर ने शानदार खेल दिखाते हुए सूरज क्लब तालपारा को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। वहीं दिन के दूसरे मैच में सरगुजा 11 और रेलवे करंजी के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन मैच बिना गोल के बराबरी पर समाप्त हुआ।

पहले मैच में ट्राइबल टाइगर की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में उन्होंने तालमेल भरे पास और मजबूत डिफेंस के दम पर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। दूसरे हाफ में भी टीम ने तालपारा को दबाव में रखते हुए एक और गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। हालांकि खेल के अंतिम मिनटों में सूरज क्लब तालपारा ने वापसी की पूरी कोशिश की और कई मौके बनाए, लेकिन बार-बार गेंद गोल पोस्ट से टकराने के कारण टीम गोल करने में असफल रही। इस तरह ट्राइबल टाइगर ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया।

दूसरे मुकाबले में सरगुजा 11 अंबिकापुर और रेलवे करंजी की टीमें आमने-सामने रहीं। पहले हाफ में सरगुजा 11 ने छोटे-छोटे पास के जरिए करंजी की डिफेंस पर दबाव बनाए रखा, लेकिन गोल करने में सफलता नहीं मिल पाई। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक रुख अपनाया और लगातार हमले किए, परंतु गोलकीपरों और डिफेंस की मजबूती के चलते स्कोर 0-0 पर ही अटका रहा।
प्रतियोगिता में शुक्रवार को दो अहम मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर और फाइटर क्लब मेणराखुर्द के बीच होगा, जबकि दूसरा मैच कर्मयोगी फुटबॉल क्लब अंबिकापुर और बॉयज क्लब भटगांव के बीच खेला जाएगा। आज के मैचों का संचालन रेफरी दल दिनेश तिर्की, ललित किशोर, आयुष, अंकुश, नितेश, अखिलानंद, कमलेश और दीपक कुजूर ने किया।











