Dr Smriti Yadav MPPSC: सरगुजा की होनहार बेटी डॉ. स्मृति यादव ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एक नया कीर्तिमान रच दिया है। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा जारी आदेश के तहत उनका चयन एनस्थिसिया विशेषज्ञ (प्रथम श्रेणी अधिकारी) के रूप में हुआ है। पूर्व विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी एम. आर. यादव और सुनीता यादव की सुपुत्री स्मृति की इस सफलता से न केवल पूरा यादव समाज बल्कि पूरा सरगुजा संभाग गौरवान्वित महसूस कर रहा है। बचपन से मेधावी रही स्मृति ने बारहवीं कक्षा में ऑल इंडिया रैंक 16 हासिल कर राष्ट्रपति से सम्मान पाया था और अब चिकित्सा क्षेत्र में अपनी बुलंद पहचान बनाकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा जारी आदेश क्रमांक 8064/50/2024 चयन/इन्दौर दिनांक 26 अगस्त 2025 के तहत सरगुजा संभाग का नाम एक बार फिर गौरवान्वित हुआ है। डॉ. स्मृति यादव, पिता एमआर यादव (पूर्व विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी, बगीचा) एवं माता सुनीता यादव की सुपुत्री, का चयन एनस्थिसिया विशेषज्ञ (प्रथम श्रेणी अधिकारी) के रूप में हुआ है। इस उपलब्धि के साथ ही पूरे यादव समाज और सरगुजा संभाग में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई है।

डॉ. स्मृति यादव प्रारंभ से ही मेधावी रही हैं। कक्षा 12वीं CBSE इंग्लिश मीडियम बोर्ड परीक्षा में इन्होंने छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और उड़ीसा जोन में टॉप किया था। बायोलॉजी विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर इनकी ऑल इंडिया रैंक 16 आई थी। इसी उत्कृष्ट उपलब्धि पर इन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय बसदेई की प्राचार्या सहित सम्मानित किया गया था।
एम.बी.बी.एस. की पढ़ाई डॉ. स्मृति ने छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान, बिलासपुर से पूरी की। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम हेतु इनका चयन शासकीय मेडिकल कॉलेज, कोटा (राजस्थान) में हुआ, जहाँ से इन्होंने एनस्थिसियोलॉजी में विशेषज्ञता प्राप्त की। इसके बाद इन्होंने एम्स भोपाल तथा फिर गजराजा मेडिकल कॉलेज, ग्वालियर में सीनियर रेसिडेंट डॉक्टर के रूप में सेवाएं दीं और वर्तमान में भी सेवारत हैं।
परिवार के अन्य सदस्य भी चिकित्सा जगत में समाजसेवा के पथ पर अग्रसर हैं। छोटे भाई डॉ. अनुराग सिंह यादव ने पं. जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, रायपुर से एम.बी.बी.एस. की पढ़ाई कर वर्तमान में केन्द्रीय सरकार के अधीन रिजनल हॉस्पिटल, चर्चा (जिला कोरिया, छ.ग.) में सीनियर रेसिडेंट डॉक्टर के पद पर पदस्थ हैं। वहीं छोटे भाई डॉ. रवि यादव रायपुर स्थित बालाजी मेडिकल कॉलेज में एम.बी.बी.एस. अंतिम वर्ष के छात्र हैं।
पूर्व बीईओ एमआर यादव के तीनों संतानों ने डॉक्टरी जैसे प्रतिष्ठित क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर न केवल अपने माता-पिता का बल्कि पूरे सरगुजा संभाग व यादव समाज का नाम रोशन किया है।
Read More : Indian Stock Market Crash: अमेरिका के नए टैरिफ से शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 650 अंक लुढ़का










