Dussehra 2025 : देशभर की तरह छत्तीसगढ़ में भी आज विजयादशमी 2025 बड़े उत्साह और परंपरा के साथ मनाई जा रही है। राज्य के विभिन्न जिलों में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।

रायपुर में 101 फीट ऊंचा रावण दहन
राजधानी रायपुर के WRS कॉलोनी मैदान में इस बार 101 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। पुतले के जलते ही आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा और दर्शकों ने तालियों और जयघोष से भगवान राम का स्वागत किया। दूसरी ओर, कोंडागांव और अंबिकापुर में लगातार बारिश के बावजूद रावण दहन किया गया। भीगे मौसम के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और हजारों की संख्या में लोग कार्यक्रम देखने पहुंचे।

दुर्ग और रायगढ़ में खास आयोजन
दुर्ग जिले में इस बार 98 स्थानों पर रावण दहन किया गया, जिनमें से 21 बड़े स्तर के कार्यक्रम तय थे। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 600 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए गए। वहीं भिलाई में भगवान राम खुद रथ पर सवार होकर रामलीला मैदान पहुंचे और रावण दहन कर उत्सव की शुरुआत की।
रायगढ़ में इस बार का सबसे बड़ा पुतला बनाया गया। नटवर हाई स्कूल मैदान पर 57 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया, जिसे देखने हजारों की भीड़ उमड़ी।
बिलासपुर में धूमधाम से दशहरा
बिलासपुर में विजयादशमी बड़े रंगारंग तरीके से मनाई गई। पुलिस ग्राउंड, रेलवे मैदान, नूतन चौक और साइंस कॉलेज सहित 10 से अधिक स्थानों पर रावण दहन आयोजित किया गया। यहां 60 से 100 फीट ऊंचे रावण के पुतलों को जलाया गया। आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव में चार चाँद लगा दिए।छत्तीसगढ़ के तमाम हिस्सों में दशहरा 2025 ने उत्सव, सुरक्षा और परंपरा का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। रायपुर का 101 फीट ऊंचा रावण हो, दुर्ग में 98 स्थानों पर हुए आयोजन या बिलासपुर और रायगढ़ का भव्य उत्सव – हर जगह लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर यह संदेश दिया कि असत्य और अधर्म चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, अंत में जीत सत्य और धर्म की ही होती है।
Read More: India China Direct Flights: भारत-चीन के बीच अक्टूबर 2025 से फिर शुरू होंगी डायरेक्ट फ्लाइट सेवाएं










