Afghanistan vs Sri lanka: एशिया कप 2025 में अफगानिस्तान के ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कर दिया। ग्रुप-बी के आखिरी लीग मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने महज 20 गेंदों में अर्धशतक जड़कर एशिया कप के सबसे तेज फिफ्टी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

20 गेंदों में पचासा, आखिरी ओवर में 5 छक्के
नबी जब बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए, तब अफगानिस्तान की हालत खराब थी। टीम ने 71 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। शुरुआत में संभलकर खेलते हुए उन्होंने 10 गेंदों में 14 रन बनाए, जिसमें एक छक्का शामिल था। इसके बाद उन्होंने गियर बदला और अगली 10 गेंदों में 34 रन जोड़ डाले।

आखिरी ओवर में उन्होंने श्रीलंका के गेंदबाज दुनिथ वेलालागे की जमकर धुनाई की और एक ओवर में 5 छक्के उड़ाए। इस ओवर में कुल 32 रन बने, जिससे अफगानिस्तान की पारी 169 रन तक पहुंची। नबी ने अपनी पारी में कुल 22 गेंदों में 60 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 6 छक्के शामिल थे।
अजमतुल्लाह उमरजई के रिकॉर्ड की बराबरी
इस तूफानी पारी के साथ ही मोहम्मद नबी ने अपने ही टीम साथी अजमतुल्लाह उमरजई के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। उमरजई ने 9 सितंबर को हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ 20 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। अब नबी ने भी वही कारनामा कर दिखाया।
श्रीलंका के गेंदबाजों की आखिरी ओवरों में धुनाई
अफगानिस्तान की पारी के आखिरी दो ओवर श्रीलंका के लिए भारी पड़े। 19वें और 20वें ओवर में कुल 49 रन बने। खासतौर पर वेलालागे के आखिरी ओवर में मोहम्मद नबी ने पांच छक्के लगाकर श्रीलंकाई खेमे में खलबली मचा दी।
अन्य बल्लेबाजों का प्रदर्शन
नबी के अलावा इब्राहिम जादरान और कप्तान राशिद खान ने भी उपयोगी पारियां खेलीं और दोनों ने 24-24 रन बनाए। गेंदबाजी में श्रीलंका की ओर से नुवान तुषारा ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके, जबकि चमीरा, वेलालागे और शनाका को एक-एक सफलता मिली।
सुपर-4 में जगह के लिए अहम मुकाबला
अफगानिस्तान के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा था। जीत के बिना सुपर-4 में पहुंचने की कोई संभावना नहीं थी। मोहम्मद नबी की यह विस्फोटक पारी न सिर्फ टीम के लिए संजीवनी बनी, बल्कि क्रिकेट इतिहास में भी एक खास जगह बना गई।










