Elephant’s death : बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम महावीरगंज में बस्ती के पास एक हाथी की मौत मामले में प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। जांच में पाया गया कि हाथी असुरक्षित तरीके से लगाए गए अवैध बिजली तार की चपेट में आ गया था। घटनास्थल के पास से अवैध कनेक्शन बरामद कर बिजली कंपनी ने जब्त कर लिए हैं। फिलहाल वन विभाग घटना से जुड़े लोगों की पहचान और सटीक कारणों की जांच कर रहा है।

डीएफओ आलोक बाजपेयी ने बताया कि हाथी की लगातार वनकर्मियों द्वारा निगरानी की जा रही थी। शनिवार को हाथी बसकटिया जंगल और आसपास के इलाके में घूमता रहा और रात करीब नौ बजे महावीरगंज गांव में रामबरन कोडाकू के घर के सामने उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।

रविवार को पशु चिकित्सकों की टीम ने हाथी का पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद शव को दफनाया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच से यह साजिश का मामला नहीं लग रहा, बल्कि हाथी अवैध बिजली तारों की चपेट में आ गया था। हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।

वन विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रकरण में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इधर, बिजली कंपनी भी अवैध कनेक्शन के खिलाफ सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रही है।











