Rajpur News : बलरामपुर जिले के झलरिया गांव से लगे जंगल में सोमवार को राजपुर के खुटहनपारा निवासी वरिष्ठ व्यवसायी मुद्रिका सोनी (72) का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार से लापता व्यवसायी की तलाश में जुटे परिजन जब मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान कर शोक में डूब गए। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, सात सितंबर की दोपहर मुद्रिका सोनी घर से बिना बताए निकले थे। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चलने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि उन्होंने राजपुर की एक दुकान से जरीकेन, झोला और माचिस खरीदा था और बस पकड़कर बलरामपुर की ओर रवाना हुए थे।

सोमवार सुबह पस्ता थाना पुलिस को झलरिया गांव के सरपंच ने सूचना दी कि जंगल में एक व्यक्ति का जला हुआ शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई। मौके से पांच लीटर का जरीकेन, माचिस और झोला भी बरामद किया गया है।

पस्ता थाना प्रभारी विमलेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं एसडीओपी याकूब मेनन ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
मुद्रिका सोनी सोनार समाज के कर्मठ व्यक्ति माने जाते थे। उनकी अचानक हुई मौत से स्वजन सहित पूरे राजपुर क्षेत्र में शोक की लहर है।











