Rajouri Encounter: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई जारी है। 7 अक्टूबर की रात, राजौरी के बीरंथुब इलाके में आतंकियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों ओर से भारी फायरिंग हुई, जिसके बाद आतंकी जंगल की ओर भाग निकले।

मुठभेड़ के बाद इलाके में सेना, पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमों द्वारा सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मंगलवार रातभर चली तलाश अभियान के बाद बुधवार सुबह भी ऑपरेशन लगातार जारी है। सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में चार आतंकियों के छिपे होने की आशंका जताई जा रही है।

वाहनों की जांच और चप्पे-चप्पे पर नजर
राजौरी-कोटरणका-बुधाले मार्ग पर सभी वाहनों की कड़ी तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा बल हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं ताकि आतंकियों को इलाके से फरार होने का मौका न मिल सके।
इलाके में ड्रोन और स्निफर डॉग्स की मदद से तलाशी अभियान तेज किया गया है। आसपास के गांवों में भी घरों की तलाशी ली जा रही है ताकि आतंकियों को किसी भी तरह की लोकल सपोर्ट न मिल सके।
टेरर फंडिंग केस में SIA की ताबड़तोड़ छापेमारी
मुठभेड़ के साथ ही जम्मू-कश्मीर में आतंकी नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए भी कार्रवाई तेज हो गई है। स्टेट इंवेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने बुधवार सुबह टेरर फंडिंग से जुड़े मामले में कई जिलों में छापेमारी की।
यह छापेमारी श्रीनगर, गांदरबल, वडगाम, अनंतनाग, पुलवामा, शोपियां, कुलगाम, बारामूला, कुपवाड़ा और बांदीपुरा जिलों में की गई है। इन जगहों पर संदिग्ध ठिकानों पर छापे मारकर डिजिटल डिवाइसेज़, दस्तावेज और अन्य सुराग जब्त किए गए हैं।SIA की यह कार्रवाई आतंकी संगठनों को आर्थिक मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क को उजागर करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
बढ़ाई गई सुरक्षा, अलर्ट पर इंटेलिजेंस एजेंसियां
राजौरी सहित पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खुफिया एजेंसियों ने संभावित आतंकी गतिविधियों को लेकर अलर्ट जारी किया है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी सर्च ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की गई है।
Read More: IMC 2025: भारत में अब हर जिले में 5G, 1GB डेटा एक कप चाय से भी सस्ता – PM मोदी










