Disha Patani Firing: बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर देर रात फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बरार के गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के ज़रिए ली है। राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। लेकिन घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और एक्ट्रेस के घर की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है।

गैंग ने किया दावा, “धर्म का अपमान बर्दाश्त नहीं”
वायरल सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया है कि यह फायरिंग “संत प्रेमानंद महाराज” और “अनिरुद्धाचार्य जी” के प्रति कथित अनादर के विरोध में की गई। पोस्ट में सीधे तौर पर दिशा पाटनी और उनके परिवार को निशाना बनाते हुए कहा गया कि यह “सिर्फ ट्रेलर था”, और अगली बार उनके घर में कोई “जिंदा नहीं बचेगा”। यह धमकी न केवल पाटनी परिवार के लिए, बल्कि पूरे फिल्म जगत के कलाकारों और संबंधित लोगों के लिए दी गई है।

पुलिस और क्राइम ब्रांच कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घर के बाहर से कई खाली कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। एसएसपी बरेली ने बताया कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, गोल्डी बरार गिरोह के नेटवर्क को लेकर राज्यभर में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
सुरक्षा में भारी इजाफा
फिलहाल दिशा पाटनी के बरेली वाले घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्थानीय पुलिस और स्पेशल फोर्स को तैनात किया गया है। सूत्रों के अनुसार, एक्ट्रेस फिलहाल मुंबई में हैं और उन्होंने इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। उनके परिवार की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतज़ाम किए गए हैं।
गोल्डी बरार और रोहित गोदारा: गैंगस्टर जो बॉलीवुड तक पहुंच चुके हैं
गोल्डी बरार का नाम पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी सामने आया था। अब इसी गिरोह द्वारा दिशा पाटनी को टारगेट करना दर्शाता है कि बॉलीवुड अब इन गैंगस्टर्स के रडार पर है। इस घटना ने मनोरंजन जगत की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग न केवल एक गंभीर आपराधिक वारदात है, बल्कि यह एक बड़ा धमकी भरा संदेश भी है जिसे किसी भी स्तर पर हल्के में नहीं लिया जा सकता। सोशल मीडिया पर ऐसे कट्टरपंथी बयान और खुलेआम धमकियां यह दर्शाती हैं कि बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा अब एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
Read More: Sushila Karki PM: सुशीला कार्की बनेंगी नेपाल की पहली अंतरिम प्रधानमंत्री, आज ले सकती हैं शपथ










