Zuber Ahmed joins Congress: छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ पर, गौरेला से पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जुबेर अहमद उर्फ गाटर भाई और उनकी पत्नी एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शकीला बेगम ने आज कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने कांग्रेस की औपचारिक सदस्यता ली।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने दंपती का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके शामिल होने से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में कांग्रेस को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

राजनीति में सक्रिय दंपती
जुबेर अहमद और शकीला बेगम दोनों ही लंबे समय से स्थानीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं और जनता के बीच मजबूत पकड़ रखते हैं। पार्टी में शामिल होते हुए जुबेर अहमद ने कहा “हम हमेशा जनसेवा और विकास की राजनीति में विश्वास रखते हैं। कांग्रेस की विचारधारा हमें हमेशा से प्रेरित करती रही है। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।”
स्थानीय नेताओं की उपस्थिति
इस मौके पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही कांग्रेस जिला अध्यक्ष उत्तम वसुदेव और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि पार्टी में नए और अनुभवी नेताओं का जुड़ना स्वागत योग्य कदम है और इससे संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि “जो भी कांग्रेस की विचारधारा और मूल्यों से जुड़ना चाहता है, हम उसका स्वागत करते हैं। पार्टी में सभी को समान अवसर मिलेंगे और जनहित की राजनीति को बढ़ावा मिलेगा।”
राजनीतिक समीकरणों पर असर
गौरतलब है कि GPM जिला राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद संवेदनशील और रणनीतिक रूप से अहम क्षेत्र है। जुबेर अहमद और शकीला बेगम जैसे प्रभावशाली नेताओं का कांग्रेस में आना आने वाले चुनावों में समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।










