Gumla Double Murder : झारखंड के गुमला जिले में दो महिलाओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों महिलाओं के पतियों ने मिलकर उनकी हत्या कर दी और शवों को सिमडेगा जिले के बीरू जंगल में ले जाकर दफना दिया। बुधवार शाम गुमला और सिमडेगा पुलिस की संयुक्त टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दोनों महिलाओं के शव बरामद किए। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मृत महिलाओं की पहचान, दोनों के पति आपस में सगे भाई
पुलिस के अनुसार, मृत महिलाओं की पहचान गुमला के विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी 28 वर्षीय मिनी प्रिया और 20 वर्षीय राधिका कुमारी के रूप में हुई है। मिनी प्रिया की शादी शिव शंकर साहू से हुई थी, जबकि राधिका कुमारी का विवाह नवीन साहू के साथ हुआ था। खास बात यह है कि दोनों महिलाओं के पति आपस में सगे भाई हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों दंपतियों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी वजह से परिवारों में तनाव बना हुआ था।

समझौते के बाद पत्नियों को लेकर घर लौटे थे दोनों भाई
जांच में पता चला कि शनिवार को दोनों दंपतियों के बीच विवाद सुलझाने के लिए कुछ लोगों की मौजूदगी में समझौता कराया गया था। इसके बाद दोनों भाई अपनी-अपनी पत्नियों को लेकर घर लौट गए थे। सोमवार सुबह करीब नौ बजे परिजनों की महिलाओं से फोन पर बातचीत हुई थी। लेकिन इसके बाद अचानक दोनों से संपर्क टूट गया। परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

बच्चों को साथ लेकर थाने पहुंचे आरोपी, दर्ज कराई गुमशुदगी
मंगलवार को दोनों भाई अपने बच्चों के साथ गुमला थाने पहुंचे और अपनी पत्नियों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस को दोनों के व्यवहार और गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद उनसे अलग-अलग पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान शिव शंकर ने कथित तौर पर दोनों महिलाओं की हत्या करने और उनके शव एंबुलेंस से जंगल ले जाकर दफनाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है।
आरोपियों की निशानदेही पर बीरू जंगल से निकाले गए शव
बुधवार को पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर सिमडेगा जिले के बीरू जंगल पहुंची। उनकी निशानदेही पर जमीन में दफन दोनों महिलाओं के शव बरामद किए गए। मजिस्ट्रेट दीपक कुमार की मौजूदगी में शवों को कब्र से बाहर निकालने की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस अब हत्या के कारणों और वारदात में दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस ने क्या बताया, किन पहलुओं पर हो रही जांच?
सिमडेगा के एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों महिलाओं की हत्या किस परिस्थिति में की गई और इसमें अन्य कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं। फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। इस दोहरे हत्याकांड ने गुमला और सिमडेगा में सनसनी फैला दी है।

