Ambikapur News : सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कठिंदा में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के लिए स्टाफ डैम गए दो मासूम बच्चे पानी की गहराई में डूब गए। ग्रामीणों और परिजनों ने बच्चों को निकालकर तत्काल अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे से जन्मदिन का जश्न मातम में बदल गया और पूरे गांव में गम का माहौल छा गया है।

जानकारी अनुसार, राहुल दास (13 वर्ष), पिता मनोज दास, निवासी ग्राम गणेशपुर केनापारा अपनी बुआ के घर ग्राम कठिंदा जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था। वहीं स्थानीय निवासी संजना दास (12 वर्ष), पिता रघु दास सहित अन्य बच्चे भी साथ में थे। दोपहर करीब 3:30 बजे सभी बच्चे नहाने के लिए राजा मुड़ा स्टाफ डैम पहुंचे। नहाने के दौरान अचानक राहुल और संजना गहरे पानी में डूबने लगे।

साथ में मौजूद अन्य बच्चों ने बचाने की कोशिश की और तुरंत परिवार वालों को खबर दी। मौके पर पहुंचे परिजन, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विक्रम सिंह, जनपद सदस्य प्रतिनिधि सुरेश सिंह तथा ग्रामीणों की मदद से दोनों मासूमों को पानी से बाहर निकालकर डायल-112 की सहायता से लखनपुर अस्पताल लाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद से परिजनों सहित पूरे गांव में शोक की लहर है। देर शाम होने के कारण पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम रविवार को कराने की बात कही है।











