Rajya Sabha Results
Rajya Sabha Results: हरियाणा में राज्यसभा की एक सीट पर मिली करीबी जीत के बाद कांग्रेस पार्टी के भीतर अंतर्कलह खुलकर सामने आ गई है। सोमवार को हुए मतदान में क्रॉस-वोटिंग के आरोपों ने पार्टी की रणनीतियों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। सोमवार देर रात घोषित नतीजों में भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध को विजेता घोषित किया गया, लेकिन इस जीत के पीछे छिपे ‘धोखे’ ने पार्टी नेतृत्व को हिला कर रख दिया है। कांग्रेस ने मंगलवार को आधिकारिक तौर पर अपने पांच विधायकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने की घोषणा की है। इन विधायकों पर पार्टी लाइन से हटकर भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने का गंभीर आरोप है।
इस राजनीतिक उठापटक के बीच हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने अपने पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। रामकिशन गुर्जर की पत्नी, शैली चौधरी, जो अम्बाला की नारायणगढ़ सीट से विधायक हैं, उन पांच विधायकों में शामिल बताई जा रही हैं जिन्होंने पार्टी के खिलाफ जाकर वोट किया। मतदान के दिन शैली चौधरी को मुख्यमंत्री नायब सैनी के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी के साथ देखा गया था, जिसके बाद उनके बागी होने की अटकलें तेज हो गई थीं। सूत्रों का कहना है कि शैली चौधरी फिलहाल पार्टी से निकाले जाने का इंतजार कर रही हैं, ताकि उनकी विधानसभा सदस्यता बची रहे, क्योंकि स्वेच्छा से पार्टी छोड़ने पर उनकी सदस्यता रद्द हो सकती है।
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपिंदर सिंह हुड्डा ने स्पष्ट किया है कि गद्दारी करने वाले विधायकों के नाम आलाकमान को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह केवल पार्टी के साथ विश्वासघात नहीं है, बल्कि उस जनता के साथ धोखा है जिसने उन्हें चुनकर सदन में भेजा था। हुड्डा ने नाम उजागर करने से बचते हुए कहा कि शो-कॉज नोटिस जारी होने के बाद सभी नाम सार्वजनिक हो जाएंगे। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद ने बताया कि पार्टी एक तय प्रक्रिया के तहत काम कर रही है और संतोषजनक जवाब न मिलने पर इन विधायकों को निष्कासित करने की तैयारी है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जिन पांच विधायकों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है, उनमें दो महिला विधायक शामिल हैं। भौगोलिक दृष्टि से देखा जाए तो दो विधायक मेवात इलाके के हैं, एक फतेहाबाद जिले से और एक अम्बाला (नारायणगढ़) से हैं। इन विधायकों की पहचान कांग्रेस के कद्दावर नेताओं के गुटों से जुड़ी बताई जा रही है। दिलचस्प बात यह है कि नारायणगढ़ मुख्यमंत्री नायब सैनी का गृह क्षेत्र है, ऐसे में शैली चौधरी के भाजपा के साथ बढ़ते तालमेल ने कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है।
90 सदस्यीय विधानसभा में राज्यसभा चुनाव का गणित बेहद पेचीदा रहा। इनेलो (INLD) के दो विधायकों ने मतदान से दूरी बनाई, जबकि कांग्रेस के चार वोट तकनीकी कारणों से अमान्य (इनवैलिड) घोषित कर दिए गए। कुल 83 वैध वोटों में से भाजपा के संजय भाटिया को 39 और कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध को 28 वोट मिले। भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को 16 वोट प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल मात्र एक वोट के अंतर से हार गए, जो यह दर्शाता है कि कांग्रेस के भीतर असंतोष किस हद तक व्याप्त है।
Mukesh Khanna : टीवी जगत के दिग्गज अभिनेता और बच्चों के चहेते 'शक्तिमान' यानी मुकेश…
Nepal Politics : नेपाल की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है।…
UGC NET : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य बनाने…
Best Sleeping Direction : अक्सर लोग रातभर की नींद पूरी करने के बाद भी सुबह…
Pune Pavana River Drowning : महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने…
Bemetara Court Verdict : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की एक अदालत ने अंधविश्वास और धर्मांतरण…
This website uses cookies.