Hathras Road Accident
Hathras Road Accident: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार का कहर इस कदर बरपा कि होली के त्योहार पर घर जा रहे एक ही परिवार और गांव के खुशियों भरे माहौल में मातम पसर गया। तड़के करीब 4 बजे, जब अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, एक अनियंत्रित डबल डेकर बस ने आगे चल रही ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयावह टक्कर में वैन सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत माइलस्टोन 141, गांव गढ़ी हरिया के पास हुआ। हादसे का शिकार हुई ईको वैन दिल्ली से राजस्थान के धौलपुर (राजाखेड़ा) जा रही थी। वैन में कुल 13 लोग सवार थे, जो होली की छुट्टियां मनाने अपने पैतृक गांव लौट रहे थे। दूसरी ओर, टक्कर मारने वाली निजी डबल डेकर बस दिल्ली से गोरखपुर की ओर जा रही थी। चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको कार हवा में उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरी और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
पुलिस ने अब तक छह मृतकों में से चार की पहचान कर ली है। मृतकों में दिनेश (50 वर्ष) और उनकी पत्नी सुनीता (48 वर्ष) शामिल हैं। इसके अलावा, एक युवा दंपत्ति विजय बघेल (27 वर्ष) और उनकी पत्नी पिंकी बघेल (26 वर्ष) ने भी इस हादसे में अपनी जान गंवा दी। ये सभी मृतक राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा क्षेत्र के गंगोली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दो अन्य मृतकों की शिनाख्त के प्रयास अभी जारी हैं। इस घटना ने पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है।
इस दुर्घटना में घायल हुए 7 लोगों में चार मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी उम्र 1 से 8 वर्ष के बीच है। घायलों में वैन चालक वीरेंद्र, मनोज, 8 वर्षीय आर्यन, 6 वर्षीय अंशु, और मृतक विजय के दो छोटे बच्चे—3 वर्षीय प्राची व 1 वर्षीय लक्ष्य शामिल हैं। साथ ही 15 वर्षीय पूनम बघेल भी उपचाररत है। घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को खंदौली सीएचसी भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया है।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई और दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया और यातायात बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि हादसा बस चालक की लापरवाही और अत्यधिक तेज रफ्तार के कारण हुआ है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है और आरोपी बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गनीमत यह रही कि बस में सवार यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन वैन सवारों के लिए यह सफर जानलेवा साबित हुआ।
Baloda Bazar gas news: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में पिछले कुछ दिनों से सोशल…
LPG Crisis: मध्य-पूर्व में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच गहराते युद्ध के संकट ने…
Hardik Pandya news: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के लिए टी20 वर्ल्ड…
China OpenClaw ban: चीन की सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में तेजी से…
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन के लिए फैंस की लंबी प्रतीक्षा…
Stock Market Crash: भारतीय शेयर बाजार के लिए गुरुवार का दिन 'ब्लैक थर्सडे' साबित हुआ।…
This website uses cookies.