Katra Disaster : जम्मू के कटरा स्थित वैष्णो देवी धाम की ओर जाने वाले मार्ग पर मंगलवार को अर्धकुमारी के पास हुए लैंडस्लाइड में अब तक 30 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। एसएसपी रियासी परमवीर सिंह ने बुधवार सुबह यह जानकारी दी। मंगलवार रात तक मृतकों की संख्या 7 थी, लेकिन लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान यह आंकड़ा बढ़ता गया। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।

खराब मौसम के चलते यात्रा स्थगित
भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण वैष्णो देवी यात्रा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। कटरा से भवन तक की चढ़ाई पर फिसलन और मलबा जमा हो गया है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई थी।

24 घंटे में 250mm से ज्यादा बारिश
जम्मू में पिछले 24 घंटे में 250mm से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर और ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई घरों और खेतों में पानी भर गया है। 3500 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और भारतीय सेना जुटी हुई हैं।
रेलवे सेवाएं प्रभावित
नॉर्दर्न रेलवे ने 22 ट्रेनें रद्द कर दी हैं, जिनमें 9 ट्रेनें वैष्णो देवी धाम के बेस कैंप कटरा से थीं। इसके अलावा, 27 ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। हालांकि, कटरा-श्रीनगर के बीच ट्रेन सेवा सामान्य रूप से जारी है। दूसरी ओर, पठानकोट-कांगड़ा रेल ट्रैक भी लैंडस्लाइड और चक्की नदी में बाढ़ के चलते प्रभावित हुआ है।
सड़कों और पुलों को नुकसान
जम्मू में तवी नदी के पास सड़क धंसने से कई वाहन गिर गए। पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। डोडा जिले में बादल फटने की घटनाओं ने हालात और बिगाड़ दिए हैं, जहां 10 से 15 घर बहने की खबर है। जम्मू-श्रीनगर, बटोटे-किश्तवाड़ और अन्य नेशनल हाईवे बंद हैं। प्रशासन ने बुधवार को सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तर बंद रखने का आदेश दिया है। जम्मू एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन भी रोक दिया गया है।
जम्मू-कश्मीर में जारी भारी बारिश और लैंडस्लाइड से हालात बेहद गंभीर हैं। श्रद्धालुओं और यात्रियों को फिलहाल यात्रा न करने की सलाह दी गई है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हैं।
Read More : 27 August 2025 Horoscope: गणेश चतुर्थी पर इन राशियों को मिलेगा शुभ फल, कुछ को बरतनी होगी सावधानी










